राहुल गांधी को बड़ा झटका, प्रयागराज में ‘गूंज कार्यक्रम’ की अनुमति रद्द; ये है कारण
प्रयागराज में राहुल गांधी का 'गूंज कार्यक्रम' के लिए अनुमति KP ट्रस्ट ने रद्द कर दी है. ट्रस्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के 2025 के आदेश का हवाला देते हुए बताया कि कार्यक्रम से बच्चों की पढ़ाई में बाधा आएगी. ट्रस्ट ने बरसात के बाद और अवकाश में कार्यक्रम करने का सुझाव दिया है. कांग्रेस इसे बड़ा झटका मान रही है, पर कार्यक्रम निर्धारित जगह पर करने पर अड़ी है.
उत्तर प्रदेश के संगम नगरी प्रयागराज में प्रस्तावित राहुल गांधी के ‘गूंज कार्यक्रम’ पर संकट मंडराने लगा है. केपी ट्रस्ट ने अपने मैदान पर इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए दी गई अनुमति को रद्द कर दिया है. ट्रस्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के 14 अगस्त 2025 के आदेश को आधार बनाते हुए अनुमति रद्द की है. कहा कि इस कार्यक्रम के आयोजन से बच्चों के पठन-पाठन में व्यवधान आ सकता है. हाईकोर्ट ने भी इन्हीं कारणों का हवाला देते हुए स्कूल और कॉलेज के मैदान को व्यावसायिक गतिविधि के इस्तेमाल पर रोक लगाई थी.
केपी ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने अनुमति निरस्त करने की जानकारी दी. कहा कि कार्यक्रम की वजह से दो विद्यालयों के छात्र प्रभावित होंगे. इसी प्रकार आउटडोर का ग्राउंड भी बारिश की वजह से खराब हो जाएगा. वहीं कार्यक्रम के बाद इसे ठीक करने में बहुत समय लगेगा और परेशानी होगी. उन्होंने कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि स्कूल कैंपस में ऐसा कोई आयोजन अब नहीं होगा, जिससे बच्चों का पठन-पाठन प्रभावित हो.
ट्रस्ट ने दिया ये सुझाव
केपी ट्रस्ट ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले और वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए कार्यक्रम का आयोजन बरसात के बाद करने का सुझाव दिया है. साथ ही कहा है कि यह कार्यक्रम अवकाश के दिनों में रखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए कांग्रेस पार्टी ने धनराशि जमा की है, उसे वापस कर दिया जाएगा. ट्रस्ट के इस फैसले के बाद कांग्रेस पार्टी में हड़कंप मच गया है. हालांकि कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता मोहम्मद फरहान का कहना है कि कार्यक्रम निर्धारित जगह और उसी समय पर किया जाएगा.
8 अगस्त को होना है आयोजन
रायबरेली से कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का यह कार्यक्रम शनिवार 8 अगस्त को होना प्रस्तावित है. पार्टी प्रवक्ता मोहम्मद फरहान के मुताबिक इस कार्यक्रम को लेकर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की मौजूदगी में प्रशासनिक अफसरों से वार्ता हो चुकी है. इस कार्यक्रम में राहुल गांधी छात्रों से संवाद करेंगे. इसमें पेपर लीक, बेरोजगारी और अन्य मुद्दों पर वह छात्रों से चर्चा करेंगे. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी प्रयागराज के बेटे हैं और उन्हें प्रयागराज आने और छात्रों से संवाद करने से कोई रोक नहीं सकता है.
