पति ने जकड़ा पैर, देवर ने रेता गला; राज खुलने के डर से बेटे की भी ले ली जान… Inside Story

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में हुए दोहरे हत्याकांड ने रिश्तों को शर्मसार किया है. पति जसराम और देवर जयराम ने मिलकर सीमा व दस वर्षीय बेटे अंकुश की नृशंस हत्या कर दी. पारिवारिक कलह, मकान के बकाया पैसों का विवाद और चरित्र संदेह इस खौफनाक वारदात की मुख्य वजह बने. राज खुलने के डर से मासूम को भी मार दिया गया. पुलिस ने देवर को गिरफ्तार कर लिया है, पति फरार है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में हुए दोहरे हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. जिले के पाकबड़ा थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात ने मानवीय रिश्तों को तार-तार कर दिया है. पुलिस की जांच में पता चला है कि मौढ़ा तैय्या की रहने वाली सीमा और उसके दस वर्षीय मासूम बेटे अंकुश की हत्या किसी दुश्मन ने नहीं, बल्कि खुद उसके पति जसराम और देवर जयराम ने की थी. इस खौफनाक साजिश की मुख्य वजह पारिवारिक कलह, मकान की बकाया रकम का विवाद और चरित्र पर संदेह था.

दरअसल, जसराम ने अपना मकान अपने छोटे भाई जयराम को तीन लाख रुपये में बेचा था. जिसमें से साठ हजार रुपये मिलने के बाद बाकी बची रकम को लेकर सीमा का अक्सर विवाद होता था. विवाद से तंग आकर दोनों भाइयों ने मिलकर सीमा को रास्ते से हटाने का मन बना लिया. जयराम ने चालाकी से सीमा और उसके बेटे को अगवानपुर से अपनी बाइक पर बैठाया और मौढ़ा तैय्या की तरफ चल दिया था. रास्ते में उसने मासूम अंकुश को एक पेट्रोल पंप पर छोड़ दिया और सीमा को सुनसान खेत की तरफ ले गया. जहां जसराम पहले से घात लगाए बैठा था. फिर दोनों ने मिलकर बड़ी ही बेरहमी से सीमा का गला रेत दिया.

बेटे की अपने हाथों ले ली जान

इसके बाद जयराम वापस पेट्रोल पंप गया, तो मासूम बच्चे ने अपनी मां के बारे में पूछा और रोने लगा. ऐसे में पकड़े जाने के डर से आरोपी ने मासूम अंकुश को भी मौत के घाट उतार दिया. पुलिस के मुताबिक इस दोहरे कत्ल को अंजाम देने के बाद दोनों शातिर भाइयों ने कानून की आंखों में धूल झोंकने के लिए एक सोची-समझी साजिश रची और अमरोहा जिले की सीमा में खेतों में फेंक दिया. पहचान मिटाने के लिए आरोपियों ने दोनों के चेहरे पर पेट्रोल छिड़ककर आग भी लगा दी.

ऐसे खुला राज

मामले की जांच करते हुए जब पुलिस ने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, हत्यारोपी देवर जयराम का झूठ बेनकाब हो गया. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया. फिलहाल पुलिस ने मुख्य हत्यारोपी देवर को जेल भेज दिया है. वहीं हत्यारोपी पति की तलाश में पुलिस ने दबिश तेज कर दी है. पुलिस के मुताबिक आरोपी को जल्द ही पकड़ लया जाएगा.

Follow Us