बरेली में वंदे भारत ट्रेन पर पथराव, कोच का शीशा टूटते ही यात्रियों में मचा हड़कंप; FIR
बरेली में वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की घटना सामने आई है. लखनऊ-देहरादून वंदे भारत के कोच-8 का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया. इससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि कोई घायल नहीं हुआ है. रेलवे प्रशासन ने जांच शुरू की है और अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश की जा रही है.
देश की सबसे आधुनिक ट्रेनों में शामिल वंदे भारत एक्सप्रेस पर बरेली में एक बार फिर पथराव की घटना सामने आई है. लखनऊ से देहरादून जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर बरेली जंक्शन और सीबीगंज स्टेशन के बीच अज्ञात लोगों ने पत्थर फेंके. पत्थर लगने से ट्रेन के कोच संख्या-8 का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया. राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोच में बैठे किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है. अचानक हुए पथराव से यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
हालांकि सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और जीआरपी की टीमें हरकत में आ गईं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. अधिकारियों के मुताबिक गाड़ी संख्या 22545 वंदे भारत एक्सप्रेस गुरुवार सुबह लखनऊ से चलकर तय समय पर बरेली जंक्शन पहुंची थी. यहां निर्धारित ठहराव के बाद ट्रेन देहरादून के लिए रवाना हुई. सुबह जब ट्रेन बरेली जंक्शन और सीबीगंज स्टेशन के बीच पहुंची, तभी किसी ने ट्रेन पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए. एक पत्थर कोच संख्या-8 के शीशे से टकराया, जिससे शीशे में दरार आ गई.
टल गया बड़ा हादसा
वंदे भारत के मजबूत और विशेष सुरक्षा वाले शीशे होने की वजह से वह पूरी तरह नहीं टूटा और बड़ा हादसा टल गया. घटना के दौरान कोच में बैठे यात्रियों ने तेज आवाज सुनी तो कुछ देर के लिए घबरा गए. बाद में पता चला कि ट्रेन पर पथराव हुआ है. यात्रियों ने तुरंत इसकी जानकारी ट्रेन स्टाफ को दी. इसके बाद रेलवे अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया गया. घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीमें मौके पर पहुंची और रेलवे ट्रैक का निरीक्षण किया.
दर्ज कराई एफआईआर
आरपीएफ इंस्पेक्टर मयंक चौधरी ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है. रेलवे ट्रैक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ-साथ वंदे भारत एक्सप्रेस में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना में कौन लोग शामिल थे. इसी के साथ आरोपियों की धरपकड़ भी शुरू हो गई है.