‘पेट फाड़ दूंगा…’ बेटा ना होने पर प्रेग्नेंट बीवी को धमकी, फिर जहर देकर पति ने ले ली जान
मुरादाबाद में दहेज हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां बेटा पैदा न होने पर गर्भवती महिला को जहर देकर मार डाला गया. आरोपियों ने पहले महिला को "पेट फाड़ने की धमकी दी थी. अब इस वारदात के बाद महिला की डेढ़ माह की बच्ची अनाथ हो गई है. परिजनों ने इस मामले में पुलिस पर ढिलाई के आरोप लगाए हैं.
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में दहेज हत्या का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां दहेज लोभियों ने एक विवाहिता के साथ ऐसी हैवानियत की जिसे सुनकर ही कलेजा बाहर आ जाए. आरोपियों ने पहले प्रेग्नेंट महिला को बेटा ना पैदा करने पर पेट फाड़ने की धमकी दी, फिर जहर देकर मार दिया. मामला मुरादाबाद में कटघर कोतवाली इलाके का है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मृत महिला के भाई ने पुलिस में शिकायत दी है. बताया कि पिछले साल 25 फरवरी को ही उसकी बहन की शादी हुई थी. इस शादी में उसने 16 लाख रुपये से अधिक खर्च किया था. बावजूद इसके बहन के ससुराल वाले दहेज के लिए उसे लगातार टॉर्चर कर रहे थे. जबकि इन्हें शादी के समय और उसके बाद लड़के और उसकी मां नीलमवती को सोने की चेन, अंगूठी, कुंडल, नोज पिन और लाखों रुपये नकद समेत कुल 11 से अधिक कीमती चीजें दहेज में दी थीं.
शादी के बाद भी बना रहे थे दबाव
बताया कि शादी के बाद भी बहनोई पंकज और उसके परिवार के 6-7 सदस्य आए दिन दहेज के लिए दबाव बनाते थे. यहां तक कि उसकी प्रेग्नेंट बहन पर बेटा पैदा करने के लिए दबाव दिया जा रहा था. बेटा पैदा नहीं होने पर पेट फाड़ने की धमकी दी गई थी. वहीं बाद में जब बेटी हुई तो आरोपियों ने जहर देकर उसकी बहन की हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपियों ने उन्हें सूचना तक नहीं दी. आसपास के लोगों से जानकारी मिलने पर वह अपनी बहन के घर पहंचे तो उन्हें डेड बॉडी मिली है.
अनाथ हुई डेढ़ माह की बच्ची
इस वारदात के बाद महज डेढ़ महीने की एक मासूम बच्ची के सिर से उसकी मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है. पीड़ित परिवार अब दर-दर भटक कर अपनी बेटी के हत्यारों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहा है. मृतका के पिता किरपाल सिंह ने इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गहरे सवाल उठाए हैं. कहा कि वे अपनी बेटी को बचाने के लिए महिला थाने और कटघर थाने के चक्कर काट रहे थे, तब उनकी रिपोर्ट लिखने में टालमटोल की गई. आखिर में जब 112 पर पुलिस फोन घुमाया तो पुलिस हरकत में आई है.
