डंपर ने पहले टक्कर मारा, फिर दूर तक घसीटता ले गया बाइक; तस्वीरों में दिखा मौत का खौफनाक मंजर
मुरादाबाद में एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में एक टीएमयू का छात्र था. डंपर बाइक को दूर तक घसीटता ले गया. हादसे के बाद चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है. यह घटना नया मुरादाबाद इलाके में हुई, जिसने क्षेत्र में खौफनाक मंजर पैदा कर दिया.
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक बार फिर तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला. यहां एक अनियंत्रित डंपर ने बाइक सवार दो सगे-संबंधी भाइयों को बेरहमी से कुचल दिया है. इस दर्दनाक सड़क हादसे में तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (TMU) के एक छात्र और उसके चचेरे भाई की घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई. दिल दहला देने वाली यह वारदात नया मुरादाबाद इलाके में स्थित बिजली उप केंद्र के बिल्कुल सामने हुआ.
टक्कर इतनी भीषण थी कि इसकी आवाजें काफी दूर तक सुनी गईं. दोनों युवकों को रौंदने के बाद डंपर उन्हें काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया. जिसके निशान सड़क पर साफ दिखाई दे रहे हैं. दुर्घटना में उनकी मोटरसाइकिल के भी परखच्चे उड़ गए है. हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा. हालांकि जानकारी मिलते ही मझोला थाना पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
आईकार्ड से हुई शवों की पहचान
पुलिस के मुताबिक मृतकों के पास से मिले पहचान पत्रों के आधार पर उनकी शिनाख्त की गई और विश्वविद्यालय प्रशासन समेत उनके परिजनों को इस सड़क घटना की सूचना दे दी गई है. इस हादसे से छात्रों के परिवार में कोहराम मच गया है. अब पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है. पुलिस के मुताबिक मृतकों में से एक मूल रूप से बिहार में सहरसा के पतरघाट के रहने वाले 22 वर्षीय ओम कुमार है.
टीएमयू में पढ़ाई करता था ओमकुमार
पुलिस के मुताबिक ओमकुमार यहां मुरादाबाद की टीएमयू यूनिवर्सिटी से बीएससी एग्रीकल्चर (कृषि) के तीसरे वर्ष की पढ़ाई कर रहे थे. दो दिन पहले ही उनके ताऊ का बेटा प्रिंस कुमार शाहू नोएडा में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) देने आया था, शनिवार को परीक्षा समाप्त होने के बाद प्रिंस अपने चचेरे भाई ओम से मिलने मुरादाबाद आ गया था. देर रात जब ओम कुमार अपने भाई प्रिंस को मोटरसाइकिल पर बैठाकर नया मुरादाबाद सेक्टर-13 स्थित कांशीराम समाजवादी फ्लैट्स की ओर जा रहे थे, तभी विद्युत उप केंद्र के समीप यह हादसा हो गया.
