शादी के 5 महीने बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, हिरासत में पति; 6 पर केस
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इंदिरानगर में शादी के महज पांच महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. 24 वर्षीय सोनाली का शव किराए के फ्लैट में फंदे से लटका मिला. मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल के छह लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शादी के महज पांच महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. इंदिरानगर थाना क्षेत्र में किराए के फ्लैट में रहने वाली 24 वर्षीय विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला. घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने पति और उसके परिवार पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है. इसकी पुलिस में शिकायत की गई है.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि पूरे मामले की जांच पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है. मृतका की पहचान बिहार के बक्सर जिले की सोनाली (24) के रूप में हुई है. सोनाली की शादी इसी साल फरवरी में बिहार के भोजपुर जिले के कमलाकांत मिश्रा से हुई थी.
शादी के पांच महीने बाद उजड़ गया परिवार
शादी के बाद कमलाकांत अपनी पत्नी के साथ लखनऊ के इंदिरानगर स्थित शिवाजीपुरम इलाके में किराए के फ्लैट में रह रहा था. वह एक निजी बैंक में डिप्टी मैनेजर के पद पर कार्यरत है. परिजनों के मुताबिक, शादी के शुरुआती दिनों से ही सब कुछ सामान्य नहीं था. उनका आरोप है कि दहेज को लेकर लगातार विवाद होता था और सोनाली पर अतिरिक्त नकदी व कार लाने का दबाव बनाया जाता था. इस वजह से वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहती थी.
फ्लैट में फंदे से लटका मिला शव
पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात सूचना मिली कि इंदिरानगर के शिवाजीपुरम स्थित फ्लैट में एक महिला ने कथित रूप से फांसी लगा ली है. पति कमलाकांत मिश्रा उसे फंदे से नीचे उतारकर अस्पताल ले गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने सोनाली को मृत घोषित कर दिया. अस्पताल प्रशासन की सूचना पर इंदिरानगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी.
बिहार से पहुंचे परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
घटना की जानकारी मिलते ही रविवार को सोनाली का भाई अभिषेक बिहार से लखनऊ पहुंचा. उसने इंदिरानगर थाने में तहरीर देकर पति समेत पूरे ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए. अभिषेक का कहना है कि शादी के बाद से ही सोनाली को दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. आरोप है कि पति, सास, ससुर, जेठ, जेठानी और ननद लगातार कार और अतिरिक्त नकदी की मांग करते थे.
हत्या कर आत्महत्या दिखाने का आरोप
परिजनों का दावा है कि शादी में करीब 15 लाख रुपये नकद, लाखों रुपये का फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद दहेज की मांग खत्म नहीं हुई. मायके पक्ष का आरोप है कि सोनाली 28 जून को अपने पति के पास लखनऊ आई थी. इसके कुछ ही दिनों बाद 4 जुलाई को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि सोनाली की हत्या करने के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल ले जाने से पहले पति ने शव के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं, जिससे पूरे मामले पर और अधिक सवाल खड़े हो गए हैं. इन आरोपों की पुष्टि फिलहाल पुलिस ने नहीं की है और जांच जारी है. इंदिरानगर पुलिस ने पति कमलाकांत मिश्रा, सास, ससुर, जेठ, जेठानी और ननद के खिलाफ दहेज हत्या समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
