पति था बाहर, पड़ोसी की गंदी नजर… 2000 की उधारी के बदले अश्लील डिमांड; महिला ने लगाया फंदा

मुरादाबाद में ₹2000 के मामूली उधार विवाद ने एक विवाहित महिला को जीवन-मरण के बीच लाकर खड़ा कर दिया है. आरोपी ने पति की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर महिला पर अश्लील संबंध बनाने का दबाव डाला. उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया.

2000 कर्ज विवाद में महिला से अश्लील मांग... आत्महत्या का प्रयास Image Credit:

मुरादाबाद से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां पति की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर पड़ोसी ने ₹2000 की उधारी के बहाने एक विवाहिता पर अश्लील संबंध बनाने का दबाव बनाया. लगातार प्रताड़ना से परेशान महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश कर ली. पीड़िता जिला अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका इलाज जारी है.

जानकारी के मुताबिक, घटना मझोला थाना क्षेत्र की है. यहां रहने वाली महिला का पति देहरादून में नौकरी करता है. परिवार का आरोप है कि उसने कुछ समय पहले पड़ोसी सुरेश से ₹2000 उधार लिए थे. इसके बाद आरोपी कथित तौर पर पैसे लौटाने के बहाने महिला को परेशान करने लगा. पीड़िता को होटल में चलने और अवैध संबंधों का दबाव बना रहा था.

‘या तो किश्तें चुका, या मेरे साथ होटल में सो’

अस्पताल के बिस्तर से अपनी आपबीती सुनाते हुए पीड़िता ने बताया कि आरोपी सुरेश पैसों की आड़ में लगातार उसका उत्पीड़न कर रहा था. महिला के कहा, ‘सुरेश सुबह-सुबह घर आया और पैसों की मांग करते हुए सामान उठाकर ले जाने की धमकी देने लगा था, जब मैं रोने लगी, तो उसने बदतमीजी की और शादी करने और होटल चलने का दबाव बनाया.’

पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने अपनी आईडी पर कूलर और फ्रिज की किश्तें तय कराई थीं. इसी को लकेर वह लगातार धमकी देता था कि ‘या तो मेरे साथ होटल में सो, वरना किश्तें चुका और सामान उठा ले जाऊंगा.’ आरोपी अपने कुछ साथियों के जरिए भी उसे फोन कर परेशान करता था, जिससे वह लगातार मानसिक तनाव में रहने लगी थी.

पति ने दर्ज कराया FIR, जांच में जुटी पुलिस

मामला तब और गंभीर हो गया, जब आरोपी ने विरोध करने पर बदनाम करने और घर से उठा ले जाने जैसी धमकियां भी देने लगे. पीड़िता का कहना है कि इस निरंतर मानसिक उत्पीड़न, अश्लील दबाव और समाज में बेइज्जती के कारण उसे फांसी लगाकर आत्महत्या करने पर मजबूर होना पड़ा था. पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है.

वहीं, पीड़िता के पति ने थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी हैं, जिनकी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि शिकायत, ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है. पुलिस जांच की जानकारी ‘X’ के माध्यम से सामने आई है.

Follow Us