‘साहब, मैंने काम तमाम कर दिया’, पत्नी का गला घोंटकर मार डाला, फिर पति ने खुद बुला ली पुलिस
मुरादाबाद के कुंदरकी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति ने चरित्र शक में अपनी पत्नी का दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद वह करीब एक घंटे तक शव के पास बैठा रहा और फिर खुद ही पुलिस को फोन कर बोला- साहब, मैंने काम तमाम कर दिया.
मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. यहां एक पति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर खुद ही पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दे दी. यह दिल दहला देने वाली वारदात कुन्दरकी थाना इलाके के चित्तापुर गांव की है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया है.
दरअसल, देर रात करीब एक बजे एक टेंपो चालक जिसका नाम महेश है, उसने घर में रखे एक साधारण से दुपट्टे का इस्तेमाल करके अपनी 35 वर्षीय पत्नी राजवती का गला घोंट दिया था. हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार नहीं हुआ था, बल्कि वह लगभग एक घंटे तक अपनी मृत पत्नी के बेजान शव के पास ही बेड पर चुपचाप बैठा रहा.
पहले गांव के प्रधान को फोन कर दी जानकारी
बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी ने पहले गांव के प्रधान को फोन कर अपनी पत्नी की हत्या करने की जानकारी दी. इसके बाद उसने खुद ही कुंदरकी थाने में फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी घर में मृतका के शव के पास बैठा मिला, जिसे तत्काल हिरासत में ले लिया गया.
जब पुलिस वारदात वाली जगह पर पहुंची थी, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई थी, हत्यारा पति बिना किसी डर या पछतावे के शव के ठीक बगल में बेड पर बैठा हुआ मिला था. पुलिस ने शव का पंचनामा करते हुए पोस्टमार्टम करा कर मृतक महिला का शव परिवार वालों को सौप है, जहां पर परिवार वालों ने मृतक का अंतिम संस्कार भी कर दिया है.
पूछताछ में आई हत्या की इनसाइड स्टोरी सामने
पुलिस की शुरुआती पूछताछ और तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि आरोपी पति महेश अपनी पत्नी राजवती के चरित्र पर शक करता था. राजवती एक प्राइवेट कंपनी में काम करती थी, जिसके चलते उसे अक्सर कंपनी के टूर और विभिन्न आयोजनों में बाहर जाना पड़ता था. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन गंभीर कहासुनी और घरेलू विवाद होता रहता था.
हत्या की घटना वाली रात भी दोनों के बीच इसी मुद्दे पर तीखी बहस हुई थी. रात को जब उनके तीनों मासूम बच्चे सो गए थे, तब महेश ने इस वारदात को अंजाम दिया. एसपी देहात ने बताया कि मृतका के भाई गुड्डू की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया. वहीं, पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है.
