‘चंपत राय जेल जा सकते हैं’ कहने के बाद पलटे विनय कटियार, बोले- मैंने ऐसा कब कहा?
भाजपा नेता विनय कटियार ने राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि चंपत राय आने वाले दिनों में जेल जा सकते हैं. हालांकि, कुछ ही देर बाद उन्होंने अपने बयान से यू-टर्न ले ली. उन्होंने कहा कि मैंने कभी यह नहीं कहा कि चंपत राय जेल जाएंगे.
भाजपा नेता और बजरंग दल के संस्थापक विनय कटियार ने शुक्रवार को राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने दावा किया कि ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय आने वाले दिनों में जेल जा सकते हैं. इस बयान पर राजनीतिक और धार्मिक हलकों में हलचल मच गई. हालांकि, कुछ ही देर बाद विनय कटियार अपने बयान से सीधे मुकर गए.
ANI से बातचीत में विनय कटियार ने कहा था, ‘यह साफ है कि पैसे का हेर-फेर हुआ है. मैंने पीएम मोदी से बात की और उन्होंने पूछा कि आगे क्या होगा. मैंने उनसे कहा कि सब ठीक हो जाएगा. हो सकता है कि आगे चंपत राय, गोपाल राव और अनिल मिश्रा को जेल जाना पड़े.’ उन्होंने यह भी कहा कि किसी कारणवश चंपत राय अब तक जेल नहीं गए.
मैंने कभी नहीं कहा कि वो जेल जाएंगे- कटियार
फैजाबाद (अब अयोध्या) से सांसद रहे विनय कटियार कुछ ही देर बाद अपने इस बयान से मुकर गए. अयोध्या में मीडिया से बातचीच में उन्होंने कहा कि, मैंने कभी नहीं कहा कि वो जेल जाएंगे. हमारे बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है’. चंपत राय और अनिल मिश्रा अभी तक नहीं समझे हैं तो सुधर जाएं, इसके अलावा दूसरा कोई रास्ता नहीं है.
प्रधानमंत्री से बात होने के संबंध में पूछे गए सवाल पर विनय कटियार ने कहा कि पीएम मोदी का अपना काम है, वह अपना कर रहे होंगे. मैं अपना काम कर रहा हूं. भाजपा नेता ने कहा कि पूरे मामले की जांच एसआईटी कर रही है. प्रारम्भिक जांच रिपोर्ट के बाद इसका दायरा भी बढ़ा है, हर पहलूओं की जांच के लिए SIT को 15 दिन और समय दिया गया है.
गोपाल राव सबसे बेकार आदमी हैं- विनय कटियार
पूर्व सांसद विनय कटियार ने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के प्रशासक गोपाल राव पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, “वो सबसे बेकार आदमी हैं. पता नहीं किसने उनको यहां नियुक्त किया था.’ उन्होंने यह भी कहा कि हम कभी भी अयोध्या नहीं जाते थे, हम जब वहां पर गए तो गोपाल राव ने हमसे पूछा कि आप किसकी अनुमति से यहां आए हो.
वहीं, जांच की समय सीमा बढ़ाए जाने के बाद SIT के तीनों सदस्य गुरुवार दोपहर दोबारा अयोध्या पहुंचे और जांच का दूसरा चरण शुरू किया. इस दौरान चंपत राय, डॉ. अनिल कुमार मिश्र और गोपाल राव से अलग-अलग पूछताछ कर उनके बयानों का मिलान किया गया. इनसे दान में मिले आभूषणों के रिकॉर्ड और भूमि खरीद से जुड़े दस्तावेज पर पूछताछ हुई.
