सपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र चौधरी की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती; मिलने पहुंचे अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र चौधरी को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्हें हृदय संबंधी समस्या होने की आशंका है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित कई नेता उनका हाल जानने अस्पताल पहुंचे हैं.

अखिलेश यादव और राजेंद्र चौधरी (फाइल फोटो)

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, मुख्य प्रवक्ता और पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी की शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें तत्काल लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल उनका इलाज अस्पताल की इमरजेंसी यूनिट में चल रहा है और चिकित्सकों की टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.

जानकारी के अनुसार, राजेंद्र चौधरी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें आनन-फानन में सिविल अस्पताल लाया गया, जहां देर रात से उनका उपचार जारी है. अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक उनकी बीमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. हालांकि, सूत्रों के मुताबिक उन्हें हृदय संबंधी समस्या होने की आशंका जताई जा रही है.

राजेंद्र चौधरी से मिलने अस्पताल पहुंचे अखिलेश

राजेंद्र चौधरी की तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सिविल अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना. इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे. बताया जा रहा है कि इससे पहले भी राजेंद्र चौधरी की तबीयत खराब हो चुकी है. फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है.

स्थिति स्थिर है कोई चिंता की बात नहीं- ब्रिजेश पाठक

डिप्टी सीएम ब्रिजेश पाठक भी राजेंद्र चौधरी से मिलने अस्पताल पहुंचे. उन्होंने कहा, ‘सदस्य विधान परिषद राजेंद्र चौधरी को सिविल अस्पताल लाया गया है. इनको हार्ट अटैक हुआ है, स्थिति स्थिर है कोई चिंता की बात नहीं है. लोहिया के हृदय रोग विभाग के अध्यक्ष भुवन तिवारी को बुलाया गया है, इलाज जारी है. अगर जरूरत पड़ी तो लोहिया संस्थान शिफ्ट करेंगे.’

Follow Us