चाबी से गेट खोला, कनपटी पर पिस्टल सटाया…मुरादाबाद में बिना ताला तोड़े घर में घुसे बदमाशों ने की करोड़ों की डकैती
मुरादाबाद में बदमाश बिना ताला तोड़े अपने साथ लाई चाबियों की मदद से एक पीतल कारोबारी के घर में घुस आए. तमंचे के बल पर सबको बंधक बना लिया.बदमाशों ने घर के एक-एक कोने की तलाशी ली. घर की रजिस्ट्री के लिए रखें पैसे औक घर की महिलाओं से सोने के जेवर लेकर फरार हो गए.
मुरादाबाद जनपद के नागफनी थाना इलाके के अकबर कंपाउंड में डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया है. यहां ब्रास कारोबारी मोहम्मद इमरान के घर में तड़के करीब 3 बजकर 40 मिनट पर अवैध हथियारों से लैस बदमाशों ने धावा बोला दिया. इस दौरान बदमाशों ने परिवार को बंधक बना लिया. घर के रजिस्ट्रेशन के लिए रखे हुए नगदी और कई कीमती आभूषण लूट कर ले गए.
पीड़ित के मुताबिक करीब 4 से 5 बदमाश घर में दाखिल हुए और पूरे परिवार को मौत के घाट उतारने की धमकी देकर लूटपाट शुरू कर दी गई थी. बदमाशों को घर में मौजूद बड़ी नकदी की सटीक जानकारी थी. इससे यह सुनियोजित साजिश लग रही है. फिलहाल, इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए. फिलहाल, पुलिस घटना की जांच कर रही थी.
बिना ताला तोड़े घर में घुसे बदमाश
लूट की वारदात उस समय हुई जब अकबर कंपाउंड स्थित मोहम्मद इमरान का परिवार गहरी नींद में सोया हुआ था. पीड़ित परिवार ने बताया कि बदमाशों की संख्या चार से पांच थी. वे सभी नकाबपोश थे. ताज्जुब की बात यह है कि बदमाशों ने घर का ताला नहीं तोड़ा है, बल्कि उनके पास पहले से ही घर की चाबियां मौजूद थीं. इससे आसानी से मुख्य द्वार खोलकर भीतर प्रवेश कर गए.
नगदी के साथ-साथ महिलाओं के जेवर लूट ले गए बदमाश
घर में घुसते ही बदमाशों ने तमंचे के बल पर सबको आतंकित कर दिया है. बदमाशों ने घर के एक-एक कोने की तलाशी ली. घर की रजिस्ट्री के लिए रखें पैसे और महिलाओं से सोने के जेवर भी लूट लिए और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी.
पीड़ित महिला सीमा ने बताया कि बदमाशों ने मेरी और घर की लड़कियों की कनपटी पर तमंचा सटा दिया और हमें एक कमरे में बंधक बना लिया था. आज उनके जिगर कॉलोनी वाले नए मकान की रजिस्ट्री होनी थी, जिसके लिए घर में बड़ी रकम रखी गई थी. बदमाश सीधे उसी जगह पहुंचे जहां पैसे रखे थे. उन्होंने स्टूल पर रखे सारे पैसे और सीमा के कान के कुंडल व अन्य ज्वेलरी लूट लिए. , सीमा ने बताया कि बदमाशों के पास चाबियां थीं. जिससे वे बिना किसी शोर-शराबे के अंदर घुस आए थे.
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
नागफनी इलाके के अकबर कंपाउंड में इतनी बड़ी डकैती की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. आनन-फानन में एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस के साथ फोरेंसिक एक्सपर्ट्स और डॉग स्क्वायड की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. फोरेंसिक टीम ने घर के दरवाजों, अलमारियों और अन्य जगहों से फिंगरप्रिंट्स व महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं.
पुलिस ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके. पुलिस जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटी गई रकम की बरामदगी का दावा कर रही है. इस मामले में कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी शुरू कर दी गई है.