चलती इलेक्ट्रिक कार बन गई आग का गोला, चंद सेकंड में जलकर हुई खाक…ड्राइवर को कूदकर बचानी पड़ी जान

नोएडा में एक चलती हुई इलेक्ट्रिक कार में अचानक से आग लग गई.ड्राइवर ने कार से कूद कर अपनी जान बचाई. मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि अगर चालक कुछ सेकंड की भी देरी करता तो बड़ा हादसा हो सकता था. फिलहाल, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

चलती कार में लग गई आग

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में शनिवार सुबह उस समय अफरा तफरी मच गई जब एक चलती इलेक्ट्रिक कार में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते कुछ ही मिनटो में पूरी कार आग के गोले में तब्दील हो गई. घटना गौर सिटी मॉल के सामने की बताई जा रही है. आग इतनी तेजी से फैली की सड़क पर गुजर रहे लोग भी दहशत में आ गए. मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और सड़क पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार में आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वहान रोक दिया और कार से बाहर कूद गया. बताया जा रहा है कि आग लगने के कुछ ही सेकंड के भीतर धुंआ निकलना शुरू हो गया था. ड्राइवर ने जैसे ही बोनट और बैटरी वाले हिस्से से धुआं उठा देखा वह तुरंत बाहर निकल आया, इसके बाद देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया. मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि अगर चालक कुछ सेकंड की भी देरी करता तो बड़ा हादसा हो सकता था.

चंद मिनटों में जलकर खाक हुई कार दमकल विभाग ने आग पर पाया काबू

घटना के दौरान आग इतनी विकराल हो गई कि कुछ ही मिनट में पूरी इलेक्ट्रिक कार जलकर खाक हो गई. वाहन से लगातार धुआं और आग की तेज लपटे निकलती रही. मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में कार पूरी तरह आग की लपटों में घिरती नजर आ रही है. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया.

कोई जनहानि नहीं लेकिन इलेक्ट्रिक वहान पर उठे सवाल?

अग्नि मिशन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है. चालक पूरी तरह सुरक्षित है. हालांकि आगजनी में कार पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई है. शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है. हालांकि तकनीकी टीम पूरे मामले की जांच कर रही है. इस घटना के बाद एक बार फिर इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं.

पिछले कुछ समय में देश के अलग-अलग हिस्सों में इलेक्ट्रिक स्कूटर बाइक और कारों में आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी है.लोगों का कहना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों में इस्तेमाल होने वाली लिथियम आयन बैटरियां अत्यधिक गर्म होने पर आग पकड़ सकती हैं. खासतौर पर शॉर्ट सर्किट बैटरी डैमेज या ओवरहीटिंग की स्थिति में खतरा बढ़ जाता है. वहीं, एक्सपर्ट यह भी सलाह देते हैं कि वाहन मालिक समय-समय पर बैटरी और वायरिंग की जांच करते रहे और केवल अधिकृत चार्जर का ही इस्तेमाल करें.

Follow Us