मुरादाबाद में तेंदुए का कहर! खेत गई महिला को जिंदा चबा गया, बेटी ने देखा खौफनाक मंजर

मुरादाबाद में एक खौफनाक तेंदुआ हमले में 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई. महिला गन्ने के खेत में चारा लेने गई थी, जहां पहले से घात लगाए तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. बेटी ने रोंगटे खड़े कर देने वाला यह मंजर देखा, जब तेंदुए उसकी मां के शव पर बैठा हुआ था.

मुरादाबाद में तेंदुए का हमला, महिला की मौत

मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र के लालापुर पीपलसाना गांव में मंगलवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. जहां आदमखोर तेंदुए ने खेत में चारा लेने गई महिला को अपना शिकार बना लिया. हमला इतना भयानक था कि उसने महिला का सिर, चेहरा और सीने का हिस्सा बुरी तरह नोच डाला, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 45 वर्षीय संतोष देवी पशुओं के लिए चारा लेने गन्ने के खेत में गई थीं. इसी दौरान खेत में छिपे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया. मौत का यह खौफनाक मंजर तब उजागर हुआ जब काफी देर तक घर न लौटने पर संतोष देवी की बेटी रश्मि खेत पहुंची. वहां उसने अपनी मां के शव पर तेंदुए को बैठे देखा तो चीख निकल गई.

शव जाने से रोका, करीब दो घंटे तक प्रदर्शन

रश्मि के शोर मचाते ही आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़े थे, जिन्हें देखकर तेंदुआ जंगल की ओर भाग निकला. महिला की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया. वहीं, आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया.

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पहले भी तेंदुए की मौजूदगी की जानकारी वन विभाग को दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई. नाराज ग्रामीणों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोक दिया और करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया. साथ ही नरभक्षी तेंदुए को तुरंत पकड़ने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की.

वन विभाग की टीमें तेंदुए की तलाश में जुटी

सूचना मिलते ही SDM अभिषेक कुमार सिंह, SP (ग्रामीण) कुमार आकाश सिंह और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने का आश्वासन दिया. इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.

प्रशासन ने बताया कि वन विभाग की टीमें तेंदुए की तलाश में लगातार अभियान चला रही हैं. साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अकेले खेतों में न जाएं और किसी भी वन्यजीव की सूचना तुरंत प्रशासन या वन विभाग को दें. फिलहाल, गांव में दहशत का माहौल है, पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है और तेंदुए को पकड़ने के प्रयास जारी हैं.

Follow Us