सपा विधायक पर भड़के स्पीकर, सदस्यता खत्म करने की दी धमकी; जानिए पूरा मामला

उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन भी सत्ता पक्ष और समाजवादी पार्टी के बीच जोरदार हंगामा हुआ. राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर सपा विधायक वेल में उतरकर नारेबाजी करने लगे, जिससे सदन की कार्यवाही बाधित रही. हंगामे के बीच वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने करीब 59 हजार करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया. विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सपा विधायक सचिन यादव को फटकार लगाते हुए उन्हें पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया.

नाराज हुए स्पीकर सतीश महाना

उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन भी सत्ता पक्ष और समाजवादी पार्टी के बीच जोरदार टकराव देखने को मिला. राम मंदिर चढ़ावा चोरी समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी के विधायक वेल में उतर आए और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करने लगे. लगातार हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही बाधित रही. हालांकि इस बीच वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने करीब 59 हजार करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया.

हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सपा विधायक सचिन यादव पर कड़ी नाराजगी जताई. दरअसल, सपा विधायक सचिन यादव एक विवादित पोस्टर लहरा रहे थे. इस पर स्पीकर सतीश महाना ने सदन में कहा, ‘सचिन यादव, आप सदन से बाहर जाएं… आपकी सदस्यता समाप्त (टर्मिनेट) करने की कार्रवाई के लिए भी मैं विचार करूंगा.’ इसके साथ ही उन्होंने सचिन यादव को पूरे सत्र के लिए सदन से बाहर (निलंबित) करने की बात भी कही.

सदन में शोर-शराबा और नारेबाजी लगातार जारी रहने के कारण विधानसभा की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अपना पूरा संबोधन सदन में नहीं रख पाए और उनका भाषण बीच में ही बाधित हो गया. इससे पहले सीएम योगी ने कहा, ‘समाजवादी पार्टी का आचरण पूरा प्रदेश देख रहा है, इनका कभी लोकतांत्रिक मूल्यों पर विश्वास नही रहा है… ये जानबूझकर सदन की अवमानना करके लोकतंत्र की खिल्ली उड़ाना चाहते हैं.’

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘इनका (सपा) लोकतांत्रिक मूल्यों पर विश्वास नही है,ये सदन का समय खराब करना चाहते हैं, हम सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार हैं… उत्तरप्रदेश की 25 करोड़ की जनता के साथ ये खिलवाड़ कर रहे हैं… पहले से जो एजेंडा हाऊस द्वारा तय किया गया था, उस एजेंडे के तहत जब सदन में विधायी कार्य हों, उन सभी पर विरोधी दल के लोगों ने कोई रुचि नहीं ली, सदन के बहुमूल्य समय को ये नष्ट करना चाहते हैं.’

स्थिति सामान्य न होने पर विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी. अब अगले दिन सदन की कार्यवाही फिर शुरू होगी, जहां अनुपूरक बजट समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है.

यहां देखिए पूरा वीडियो-

Follow Us