प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर: एक ही परिवार के तीन दिव्यांगों की हत्या; घर में हर तरफ खून के छींटे
प्रयागराज के शाहगंज में तीन दिव्यांगों की नृशंस हत्या से इलाके में दहशत फैल गई है. एक ही परिवार के दो महिलाओं और एक पुरुष को मौत के घाट उतार दिया गया. पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है और हत्यारों की तलाश में जुटी है. वारदात के बाद से इलाके में दहशत है और स्थानीय लोग स्तब्ध हैं.
प्रयागराज के शाहगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. गढ़ी कला मोहल्ले में एक ही परिवार के तीन दिव्यांग सदस्यों की निर्मम हत्या कर दी गई. मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं. तीनों की हत्या सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर की गई है. इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है.
जानकारी के मुताबिक, तीनों एक किराए के मकान में रहते थे और कबाड़ के कारोबार से जुड़े थे. स्थानीय लोगों के अनुसार, तीनों बोलने और सुनने में असमर्थ थे. जब काफी देर तक घर से कोई हलचल नहीं हुई तो लोगों को शक हुआ. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के अंदर तीनों के शव पड़े मिले और चारों तरफ खून के छींटे थे.
घटनास्थल का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी सन्न
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों की उम्र लगभग 40 से 45 साल के बीच होगी. हत्या सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर की गई है. हत्या इतनी बेरहमी से की गई कि घटनास्थल का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए. सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचकर पड़ताल शुरू किए हैं.
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही मोहल्ले के लोगों और परिवार से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है. शुरुआती जांच में आपसी रंजिश या किसी विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी किसी एक निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी, सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है.
पुलिस ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया
तीनों मृतकों के दिव्यांग होने के कारण वारदात संवेदनशील हो गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा. फिलहाल गढ़ी कला मोहल्ले में मातम और दहशत का माहौल है.
