दलित लड़की को बंधक बनाकर पढ़ाया कलमा, पिस्टल दिखाकर निकाह; ‘लव-जिहाद’ का खौफनाक खेल

मुरादाबाद में 'लव जिहाद' का एक खौफनाक मामला सामने आया है. एक दलित महिला को बहाने से बुलाकर बंधक बनाया गया, पिस्टल दिखाकर जबरन कलमा पढ़वाया और निकाह कराया गया. आरोपियों सुल्तान सलाउद्दीन और उसकी पत्नी मेहनाज बेगम को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस इस मामले में मौलवी और अन्य अज्ञात आरोपियों की तलाश के साथ 'लव जिहाद' गैंग के नेटवर्क की भी जांच कर रही है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में लव जिहाद का खौफनाक खेल उजागर हुआ है. जिले के मझोला थाना क्षेत्र में एक दलित महिला कुछ लोगों ने बहाने से बुलाकर बंधक बना लिया. फिर उसे पिस्टल दिखाकर डराया धमकाया और जबरन धर्म परिवर्तन कराने के बाद निकाह कर लिया. पीड़िता की तहरीर के आधार पर मझोला थाना पुलिस ने आरोपी सुल्तान सलाउद्दीन और उसकी पत्नी मेहनाज बेगम के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उन्हें अरेस्ट कर लिया है.

पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि यह वारदात 6 फरवरी 2026 की है. हालांकि पीड़िता ने इसकी थाने में शिकायत 10 जुलाई 2026 को दी. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पहले मुख्य आरोपियों की गिरफ्तार किया. वहीं अब पुलिस इस वारदात में नामजद एक मौलवी और दो अज्ञात लोगों की तलाश में जुटी है. इसी के साथ पुलिस इस लव जिहाद गैंग के नेटवर्क को भी खंगालने में जुटी है.

यह है मामला

पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि वह मझोला क्षेत्र की रहने वाली है. उसके पीर का बाजार (जयन्तीपुर) निवासी सुल्तान सलाउद्दीन और उसकी पत्नी मेहनाज बेगम के साथ करीब 3 वर्षों से अच्छे और पारिवारिक संबंध थे. दोनों परिवारों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था और वे मिलजुल कर त्योहार मनाते थे. आरोप है कि सुल्तान सलाउद्दीन पीड़िता पर काफी समय से बुरी नियत रखता था. बीते 6 फरवरी 2026 को मेहनाज बेगम ने पीड़िता को विश्वास में लेकर अपने घर बुलाया, जहां पहले से ही सलाउद्दीन, एक मौलवी और दो अज्ञात लोग मौजूद था.

बंधक बनाकर कराया धर्मांतरण

पीड़िता का आरोप है कि वहां पहुंचते ही आरोपियों ने उसे बंधक बना लिया. इसके बाद पिस्टल दिखाकर उसका धर्म परिवर्तन कराया गया और कलमा पढ़वाया गया. यही नहीं, पीड़िता पर निकाह के लिए भी दबाव बनाया गया. वहीं जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने जातिसूचक शब्द बोलते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद आरोपियों ने उसे कई दिनों तक बंधक बनाकर रखा. इस दौरान सलाउद्दीन ने उसके साथ अश्लील हरकतें व छेड़खानी भी की.

जांच के बाद हुई गिरफ्तारी

आरोपियों के चंगुल से छूटकर निकली पीडिता ने पुलिस में शिकायत दी. बताया कि आरोपी के खिलाफ बदायूं में पहले से हत्या के प्रयास (307 IPC) और SC/ST एक्ट का मुकदमा चल रहा है. एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें अरेस्ट कर लिया है. अब पुलिस इस वारदात में शामिल एक मौलवी और दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों की पहचान और धरपकड़ में जुटी है.

Follow Us