UP 13 जुलाई को आ सकती है मॉनसूनी आफत! इन जिलों में होगी भारी बारिश, देखें IMD का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में 13 जुलाई 2026 को भारी मॉनसूनी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, विशेषकर देवरिया, गोरखपुर समेत सात जिलों में मूसलाधार बारिश और बिजली गिरने की आशंका है. पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश हो सकती है. IMD ने जलभराव और जनहानि से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की है.
उत्तर प्रदेश में मानसून अपने रफ्तार से चल रहा है. इसी क्रम में 13 जुलाई 2026 को प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक कल सोमवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश होगी. इस क्षेत्र में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं. वहीं पूर्वांचल के जिलों में भारी बारिश हो सकती है. खासतौर पर 7 जिलों में मूसलाधार बारिश की स्थिति बन रही है.
हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने संबंधित जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा अलर्ट के मुताबिक सोमवार को पूरे प्रदेश में बारिश होगी. यह बारिश पश्चिम उत्तर प्रदेश में तो कहीं-कहीं होगी, लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश के हरेक जिले में बारिश की संभावना है. भारी बारिश के बीच बादल गरजने और बिजली कड़कने के भी आसार हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई जगह बिजली गिरने का भी खतरा है.
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने सात जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर के अलावा इसके आसपास के इलाके शामिल हैं. मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इन क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश की वजह से जनजीवन प्रभावित हो सकता है. इन जिलों में बिजली गिरने का भी खतरा है. इससे संपत्ति को नुकसान और जनहानि हो सकती है.
क्या करें-क्या ना करें
संभावित स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. मौसम विभाग के मुताबिक भारी बारिश की वह से अचानक जलभराव हो सकता है. ऐसे में लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और पक्के मकानों में ही आश्रय लेने की सलाह दी है. मौसम विभाग ने अस्थायी और कमजोर संरचनाओं वाले आश्रय स्थलों को खाली करने की सलाह दी है. साथ ही लोगों को मौसमी नदी-नालों और खतरे के निशान के आसपास बह रही नदियों से दूर रहने की भी अपील की है.
