दोस्तों ने बर्थडे पार्टी में बीयर पीने के लिए बुलाया, फिर क्यों रेत दिया गला? दिल दहला देगी कहानी
मुरादाबाद में एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां दोस्तों ने जन्मदिन पार्टी में बीयर पिलाने के बहाने बुलाकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी. ₹25,000 के पुराने लेनदेन विवाद में उसका गला रेता गया. युवक का शव भट्टी के तहखाने में खून से लथपथ मिला है. पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और आगे की जांच जारी है. मृतक के परिजनों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक खौफनाक वारदात हुई है. यहां दोस्तों ने एक युवक को बर्थडे पार्टी में बीयर पीने के बहाने से बुलाया और फिर बेरहमी से उसका गला रेतकर हत्या कर दी. बाद में युवक का शव भट्टी के तहखाने में खून से लथपथ हालत में मिला. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं युवक की मां खून का बदला खून से लेने का दावा कर रही है. पुलिस के मुताबिक वारदात के पीछे कोई ₹25,000 के विवाद का मामला सामने आया है.
वारदात मुरादाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र में ताजपुर का है. मृतक की पहचान रितिक पुत्र माजुली निवासी बारबालान के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि रितिक चिकन की दुकान चलाता था. परिजनों ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि आरोपियों ने उसे जन्मदिन पार्टी के बहाने बुलाया था. फिर उसे ताजपुर ले जाकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है. इनसे पूछताछ की जा रही है.
सामने आया लेनदेन का विवाद
मृतक रितिक के भाई अदनान ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि इस खौफनाक हत्याकांड के पीछे लेनदेन का पुराना विवाद है. दरअसल, रितिक ने करीब ₹25,000 आरोपियों में से एक तनवीर को उधार दिए थे, रितिक उससे अपने पैसे वापस मांग रहा था. वारदात की रात भी इस लेनदेन को लेकर इनकी बहस हुई. इस दौरान आरोपियों के साथ रितिक की गाली-गलौज और मारपीट भी हुई थी. बताया कि कुछ दिन पहले आरोपियों ने रितिक के घर पहुंचकर उसकी मां और छोटे भाइयों के साथ भी मारपीट की थी.
साजिश के तहत दी वारदात को अंजाम
पीड़ित परिवार के मुताबिक घटना वाले दिन आरोपियों ने रितिक को पहले चाय पिलाने और फिर बर्थडे पार्टी में बीयर पीने के बहाने जाल में फंसाया. मृतक की मां ने रोते हुए बताया कि सालिम और तनवीर रितिक को मस्जिद के पास से बुला ले गए थे. जब देर रात तक रितिक घर नहीं लौटा, उन लोगों ने खोजबीन शुरू की. रात करीब 3 बजे परिजनों को सूचना मिली कि ताजपुर में गरीब नवाज हॉल के पीछे काले मसाले की भट्टी में खून से लथपथ लाश पड़ी है. इसके बाद परिजनों ने मौके पर पहुंच कर रितिक के बॉडी की पहचान की और पुलिस को सूचना दी.