सुसाइड या मर्डर? मुरादाबाद में PAC जवान की संदिग्ध मौत से हड़कंप, बैरक में पड़ा मिला शव
मुरादाबाद में PAC के जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. PAC के जवान विकास गौतम मेरठ के रहने वाले थे, यहां वह महिला आरक्षियों को प्रशिक्षण दे रहे थे. परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. पुलिस सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रही है.
मुरादाबाद के थाना सिविल लाइंस इलाके में स्थित 9वीं वाहिनी PAC परिसर में तैनात एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. जवान की मौत ने न केवल PAC मुख्यालय बल्कि पूरे पुलिस महकमे को हिला कर रख दिया है. मृतक जवान की पहचान 34 वर्षीय विकास गौतम के रूप में हुई है, जो मेरठ के थाना किठौर इलाके के भट्टीपुरा के रहने वाले थे.
विकास गौतम साल 2019 से पुलिस सेवा में कार्यरत थे और वर्तमान में मुरादाबाद की 9वीं वाहिनी पीएसी में आरटीसी (RTC) इंस्ट्रक्टर के पद पर तैनात थे. घटना का खुलासा उस समय हुआ जब मृतक कमरे में संदिग्ध अवस्ता में मिले, जिसके बाद साथी कर्मियों और अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई. मौके पर पहुंचकर आला अधिकारियों ने निरीक्षण किया है.
अनुशासित और शांत स्वभाव के सिपाही थे गौतम
पुलिस इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या मान रही है, पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. जवान की मौत की जानकरी मिलते ही मेरठ स्थित उनके पैतृक गांव में कोहराम मच गया. परिजन आनन-फानन में मुरादाबाद के लिए रवाना हुए है. वहीं, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही जांच में जुट गई है.
वीकास गौतम अपने साथियों के बीच एक अनुशासित और शांत स्वभाव के सिपाही के रूप में जाने जाते थे. 2019 में भर्ती होने के बाद से ही उनका रिकॉर्ड स्वच्छ रहा था. हालांकि, पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय से विकास के व्यवहार में कुछ बदलाव देखे गए थे, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि वह किसी गंभीर तनाव से जूझ रहे थे.
पूरा परिवार स्तब्ध, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हालांकि, ऑन-ड्यूटी रहने वाले एक प्रशिक्षित जवान द्वारा ऐसा आत्मघाती कदम उठाना कई सवाल खड़े करता है. मृतक के भाई आकाश गौतम ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 10:00 से 10:30 बजे के बीच फोन पर घटना की जानकारी मिली थी. जिसे सुनकर पूरा परिवार स्तब्ध रह गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं.
परिजनों ने बताया कि PAC जवान विकास अविवाहित थे, एक होनहार जवान इस तरह दुनिया कैसे छोड़ सकता है. पुलिस मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स खंगाल रही है, ताकि यह पता चल सके कि घटना से पहले उनकी किससे बात हुई थी. फील्ड यूनिट और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. मौत की असली कारणों का पता लगाया जा रहा है.
