बुलेट पर लिखा था ‘UGC का बाप’, देखकर पुलिस का ठनक गया माथा, उठा ले आई थाने

वाराणसी में एक बुलेट मोटरसाइकिल को पुलिस ने सीज किया है. इस बुलेट पर 'UGC का बाप' लिखा था और कोई नंबर प्लेट भी नहीं थी. पुलिस का कहना है कि यह मालिक की मनमानी थी. वहीं, बताया जा रहा है कि मालिक कथित तौर पर नगर निगम का संविदा कर्मचारी है.

वाराणसी में 'UGC का बाप' लिखी बुलेट सीज

यूं तो यूजीसी के समर्थन और विरोध में पूरे देश में अलग अलग तरह से लोग रियेक्ट कर रहे हैं. लेकिन वाराणसी में एक शख्स ने तो सारी हदें पार कर दी. वाराणसी में एक बुलेट मोटरसाइकिल को पुलिस ने सीज किया है. इस बुलेट पर ‘UGC का बाप’ लिखा था और कोई नंबर प्लेट भी नहीं थी. इसे देखते ही पुलिस का दिमाग खराब हुआ और बुलेट को थाने ले आई.

वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र के कचहरी गोलम्बर के पास और विकास भवन के सामने पुलिस चेकिंग कर रही थी. इस दौरान उनको ‘यूजीसी का बाप’ लिखा बुलेट मिला. यह देख कर पुलिस भी चौंक गई कि ये कौन है जो एडमिनिस्ट्रेटिव प्लेस के सामने एक तो बिना नंबर प्लेट की बुलेट पार्क कर रखा है, ऊपर से बुलेट पर ‘यूजीसी का बाप’ भी लिखवाए हुए है.

बुलेट का मालिक नगर निगम के संविदा कर्मचारी

बिना नंबर प्लेट के बुलेट पर ऐसा लिखना, ये सीधा सन्देश था कि हमको किसी की कोई परवाह नहीं है. ये टशन समझने में पुलिस को टाइम नहीं लगा. पुलिस ने भी अपने तरह से बुलेट के ओनर को जवाब दिया. कैंट इंस्पेक्टर ने पहले तो आस पास के लोगों से पूछा कि ये किसकी बुलेट है और जब कोई जवाब नहीं मिला तो सिपाहियों से कहकर बुलेट उठवा ली.

इंस्पेक्टर कैंट शिवाकांत मिश्रा ने बुलेट को सीज की है, उन्होंने मौके पर सिपाहियों से कहा कि बुलेट को यहां से ले चलो और इसको तत्काल सीज़ करो. वहीं, ओनर का टशन ज़्यादा देर तक नहीं रहा, उसकी बुलेट सीज़ होकर कैंट थाने पहुंच गई हैं. जानकारी के मुताबिक, बुलेट कृतिभान मानी त्रिपाठी के नाम पर है, जो नगर निगम के संविदा कर्मचारी बताए जा रहे हैं.

इस हरकत पर क्या सफाई देंगे संविदा कर्मचारी

संविदा कर्मचारी कृतिभान मानी त्रिपाठी चौबेपुर के रहने वाले बताए जा रहे है, अब उनको इस टशन का भारी कीमत चुकाना पड़ सकता है. क्योंकि पलिस ने बुलट सीज करने के साथ ही मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं, अब देखना होगा कि इस मामले में बुलेट के मालिक सामने आकर अपनी इस ‘क्रिएटिव’ हरकत पर क्या सफाई देते हैं.

Follow Us