मुरादाबाद में अवैध हथियार-बम के साथ तीन गिरफ्तार, पंचायत चुनाव में फैलाने वाला था दहशत

मुरादाबाद पुलिस को पंचायत चुनाव से पहले बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने अवैध हथियारों और विस्फोटक का बड़ा जखीरा पकड़ा है. साथ ही तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया. यह गैंग चुनाव में दहशत फैलाने की फिराक में था. वहीं, गिरोह का सरगना हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आया था.

पंचायत चुनाव से पहले अवैध हथियार-बम गैंग गिरफ्तार

पंचायत चुनाव से पहले मुरादाबाद पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने 3 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, इनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार और बम बरामद किए गए हैं. तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से ही शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, इनमें से एक हाल में जेल से छूटने के बाद बाहर आया था

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह गैंग का खुलासा करते कहा कि कटघर पुलिस को मुखबिर तंत्र के जरिये जानकारी मिल रही थी कि चौकी दस सराय क्षेत्र में अवैध शस्त्रों की खरीद फरोख्त चल रही है. तीनों आरोपी अवैध असलहे और कारतूस राह चलते लोगों को बेचने का काम करते थे. घटना के दिन भी इसी मंशा से क्षेत्र में घूम रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया.

जेल से छूटने पर फिर शुरू किया मौत का व्यापार

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. आरोपियों की पहचान दुष्यंत उर्फ दीपक, ऋषभ शर्मा और अज़ीम के रुप में हुई है. दीपक लाइन पार, ऋषभ एकता कॉलोनी थाना मझोला, जबकि अज़ीम मूंढापांडे थाना इलाके का रहने वाला है.

उन्होंने बताया कि दुष्यंत उर्फ दीपक शातिर अपराधी है, वह पहले भी अवैध शस्त्र फैक्ट्री के मामले में जेल जा चुका है, जेल से छूटने के बाद दुष्यंत ने अज़ीम और ऋषभ को अपने गैंग में शामिल कर इस अवैध कारोबार को अंजाम देना शुरू कर दिया था. यह गैंग आगामी पंचायत चुनाव में दहशत फैलाने की फिराक में था. इनके पास से भारी मात्रा में हथियार-बम मिले हैं.

आर्म्स एक्ट और विस्फोटक अधिनियम के तहत FIR

पुलिस ने इनकी निशानदेही पर दो 315 बोर के तमंचे, 60 जिंदा कारतूस 35 खोखा कारतूस, एक 12 बार तमंचा 2 जिंदा कारतूस 7 खोखा कारतूस और 12 देशी बम ( विस्फोटक हथगोले) बरामद किए हैं. तीनों पर आर्म्स एक्ट और विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस जांच करेगी कि विस्फोटक सामग्री कहां तैयार की गई.

Follow Us