अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान-हमारी सरकार बनी तो महिलाओं को हर साल देंगे 40 हजार

अखिलेश यादव ने मूर्ति देवी-मालती देवी महिला सम्मान समारोह के दौरान एक बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि अगर 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनी तो महिलाओं को हर साल 40 हज़ार रुपये देंगे. इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पेंशन योजना की फिर से शुरुआत की जाएगी.

अखिलेश यादव Image Credit: PTI

यूपी विधानसभा चुनाव में अब भी एक साल का वक्त बचा हुआ है. लेकिन पार्टियों ने सियासी दांव पेंच आजमाने शुरू कर दिए हैं. वोटरों को लुभाने के लिए तरह-तरह की रणनीतियां बनाई जा रही हैं. कई लुभावने ऐलान भी किए जा रहे हैं. इस बीच अखिलेश यादव ने सपा के लखनऊ मुख्यालय में अपनी मां और दादी के नाम पर मूर्ति देवी-मालती देवी महिला सम्मान समारोह की शुरुआत की. इस समारोह में समाजवादी पार्टी की तरफ से 20 महिलाओं को सम्मानित किया गया.

महिलाओं को हर साल देंगे 40 हजार रुपये

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने मूर्ति देवी-मालती देवी महिला सम्मान समारोह के दौरान एक बड़ा ऐलान भी किया है. उन्होंने कहा कि अगर 2027 विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनी तो वे महिलाओं को हर साल 40 हज़ार रुपये देंगे. समाजवादी पेंशन योजना फिर से शुरू की जाएगी. उन्होंने आगे कहा कि समाजवादी पेंशन के जरिए हमारी सरकार हर महीने 500 रुपए देती थी. जब हम सरकार में आएंगे तो विशेष नाम देकर नारी समृद्धि सम्मान योजना लागू करेंगे. समाजवादी पेंशन तो रहेगी ही, साथ में 40 हजार रुपए साल के अलग से दिए जाएंगे.

महिलाओं के लिए अन्य योजनाएं भी शुरू करने की घोषणा

अखिलेश ने कहा कि सपा की सरकार ने पहले भी यश भारती के जरिए देश-विदेश के लोगों को सम्मानित किया था. इस सरकार ने उस योजना को बंद कर दिया. समाजवादी पेंशन भी बंद कर दी. उन्होंने अपने पिता के नाम का जिक्र करते हुए आगे कहा कि नेताजी ने अपनी सरकार में कन्या विद्या धन देने की योजना शुरू की थी. हमारी सरकार बनेगी तो हम लोग रानी लक्ष्मी बाई और अन्य वीरांगनाओं के नाम पर महिलाओं के लिए योजना शुरू करेंगे. बिना आधी आबादी के हम देश को तरक्की के रास्ते पर नहीं ले जा सकते हैं. प्रदेश और देश की तरक्की के लिए महिलाओं का बढ़ना जरूरी है.

आज के समय में महिलाओं के साथ गलत हो रहा-डिंपल यादव

मूर्ति-मालती देवी सम्मान समारोह में अखिलेश यादव के साथ उनकी पत्नी और मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव भी मौजूद रहीं. डिंपल यादव ने कहा कि जब किसी देश की महिलाएं आगे बढ़ती हैं, तो देश आगे बढ़ता है. लेकिन आज इसका उल्टा हो रहा है. महिलाओं के साथ गलत हो रहा है. उनके साथ हुई घटनाओं को दबाया जा रहा है. उन्होंने उत्तराखंड की अंकिता भंडारी केस का भी उदाहरण दिया.

महिला वोटरों को साधने के लिए अखिलेश ने खेला ये दांव

महिला वोटरों को साधने के लिए अखिलेश यादव ने अपनी दादी और मां के नाम पर “मूर्ति देवी-मालती देवी” महिला सम्मान की शुरुआत की. इस सम्मान समारोह के तहत अखिलेश देश की 20 महान महिला हस्तियों के नाम पर सम्मान की श्रेणियां बनाई थी. कुल 20 महिलाओं को अवॉर्ड दिए. इस अवॉर्ड के माध्यम से अखिलेश यादव ने प्रत्येक महिला अवार्डी 1 लाख की सम्मान राशि समाजवादी पार्टी की तरफ से देने की घोषणा भी की थी.

Follow Us