शराब के नशे में कांवड़ियों से बदसलूकी, मंदिर में हंगामा… मुरादाबाद में दो सिपाही सस्पेंड
मुरादाबाद में कांवड़ यात्रा ड्यूटी के दौरान दो सिपाहियों ने शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाया. दोनों ने नशे में श्रद्धालुओं से बदसलूकी की और शिव मंदिर में हंगामा किया. पुलिस ने मौके से दोनों को हिरासत में लिया था. वहीं, मेडिकल रिपोर्ट में शराब की पुष्टि के बाद एसएसपी ने दोनों को सस्पेंड कर दिया है.
मुरादाबाद में कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस विभाग की छवि को धक्का पहुंचाने वाला मामला सामने आया है. कांवड़ ड्यूटी पर तैनात पुलिस लाइन के दो सिपाहियों पर शराब के नशे में कांवड़ियों से अभद्रता और शिव मंदिर में हंगामा करने का आरोप लगा है. मेडिकल जांच में नशे की पुष्टि होने के बाद दोनों को निलंबित कर दिया गया है.
जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल गौरव कुमार और राममोहन शर्मा की ड्यूटी कांठ क्षेत्र की सलेमपुर चौकी पर कांवड़ यात्रा में लगाई गई थी. आरोप है कि ड्यूटी के दौरान दोनों अपनी कार से शराब पीने निकल गए. देर रात नशे की हालत में छजलैट के पचोकरा खानपुर स्थित शिव मंदिर पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में कांवड़िये मौजूद थे.
दोनों ने साथी पुलिसकर्मियों से भी की गाली-गलौज
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों सिपाहियों ने मंदिर परिसर में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं से अभद्र व्यवहार किया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया. सूचना मिलने पर मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि नशे में धुत दोनों सिपाहियों ने अपने साथी पुलिसकर्मियों से भी गाली-गलौज शुरू कर दी.
मामला बढ़ने पर छजलैट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों सिपाहियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई. इसके बाद उनका मेडिकल परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कांठ में कराया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों के शराब के नशे में होने की पुष्टि की. इसके बाद मामले की रिपोर्ट वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सतपाल अंतिल को भेजी गई थी.
SSP ने निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए
मुरादाबाद के SSP सतपाल अंतिल ने इस कृत्य को कांवड़ यात्रा जैसी संवेदनशील ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता और विभाग की छवि धूमिल करने का गंभीर मामला बताया. साथ ही दोनों कांस्टेबलों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं. इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है.