एक घंटे किया कोबरा से फाइट, अपनी जान देकर ‘टॉमी’ ने बचा ली मालिक की जान; Video
सोशल मीडिया में वायरल वीडियो मं कुत्ते का सांप से रोमांचक युद्ध चल रहा है. इसमें कभी कुत्ता सांप पर भारी पड़ जा रहा है तो कभी सांप कुत्ते को पछाड़ दे रहा है. लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद कर लिया. बाद में इस वीडियो को सोशल मीडिया में डाल दिया. यह घटना बलिया में उभांव की है.
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. यह वीडियो एक सांप और कुत्ते के बीच हुए भीषण युद्ध का है. दोनों में करीब एक घंटे तक चले युद्ध के आखिर में सांप और कुत्ता दोनों की ही मौत हो गई, लेकिन मरते मरते कुत्ता अपनी वफादारी का बड़ा प्रमाण छोड़ गया. सांस चलने तक यह कुत्ता सांप को अपने मालिक की ओर एक कदम भी बढ़ने नहीं दिया. घटना बलिया में उभांव थाने के पास स्थित गांव का है.
शनिवार-रविवार की रात इस गांव में रहने वाले दानिश भट्ठा वाले अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे. रविवार तड़के करीब 2:00 बजे एक गेहुअन सांप इनके घर में घुस आया. यह सांप दानिश की ओर तेजी से बढ़ रहा था. इसी दौरान उनके पालतू कुत्ते की नजर पड़ गई. पहले उसने जोर-जोर से भौंककर घर वालों को जगाने की कोशिश की, लेकिन घर वालों ने अनसुना कर दिया. ऐसे में कुत्ते ने खुद मोर्चा संभाला और करीब एक घंटे तक सांप का मुकाबला किया.
वायरल हो रहा वीडियो
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. दानिश के परिजनों के मुताबिक कुत्ते के लगातार भौंकने से पूरे परिवार की नींद खुल गई. देखा तो कुत्ते का सांप से रोमांचक युद्ध चल रहा था. इसमें कभी कुत्ता सांप पर भारी पड़ जा रहा था तो कभी सांप कुत्ते को पछाड़ दे रहा था. यह देखकर परिजनों की सांस फूल गई. फिर लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद कर लिया. बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया.
दोनों की हो गई मौत
करीब घंटे भर तक चली कड़ी लड़ाई में आखिरकार सांप की मौत हो गई. हालांकि थोड़ी ही देर बाद कुत्ते की भी मौत हो गई. कुत्ते को सांप ने कई जगह डस लिया था. दानिश के परिजनों के मुताबिक टॉमी 9 साल से उनके घर में था. वह हमेशा से घर की सुरक्षा का जिम्मा पूरी ईमानदारी और वफादारी से निभाता था. यदि वह उस रात टॉमी ने बहादुरी नहीं दिखाई होती तो घर में कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी.
सदमे में है परिवार
इस भीषण युद्ध में टॉमी की मौत से पूरा परिवार सदमे में है. परिवार के लोगों ने नम आंखों से अपने टॉमी को विदाई दी. उसे फूल माला पहनाकर मिट्टी में दफन किया गया. वहीं वायरल वीडियो को देखकर लोग टॉमी की बहादुरी और वफादारी को सलाम कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि आखिर कुत्ते ने अपनी जान देकर अपने मालिक की जान बचा ली.
