बदले गए गोरखपुर-प्रयागराज के कमिश्नर, यूपी में 13 IAS के तबादले की ये है पूरी लिस्ट

उत्तर प्रदेश में एक बार फिर 13 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया है. आवास विकास परिषद में आवास आयुक्त रहे डॉ. बलकार सिंह को अब उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण में मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है. वहीं, गोरखपुर मंडलायुक्त अनिल ढींगड़ा को आवास विकास परिषद में आवास आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है. वरिष्ठ आईएएस सौम्या अग्रवाल को अब श्रमायुक्त बनाया गया है.

आईएस ( प्रतीकात्मक तस्वीर) Image Credit:

उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बार फिर वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है. इसमें गोरखपुर मंडलायुक्त अनिल ढींगड़ा को आवास विकास परिषद में आवास आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं वरिष्ठ आईएएस सौम्या अग्रवाल को श्रमायुक्त बनाया गया है. शासन की ओर से जारी लिस्ट में कुल 13 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया है. इसी क्रम में कृषि सचिव इंद्र विक्रम सिंह को अब गोरखपुर में मंडलायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है.

शासन की ओर से जारी लिस्ट में पीसीडीएफ के प्रबंध निदेशक वैभव श्रीवास्तव को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए बस्ती में मंडलायुक्त बनाया गया है. वहीं प्रमुख सचिव कृषि रविंद्र को मौजूदा जिम्मेदारियों के साथ ही अतिरिक्त प्रभार के तौर पर राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद का निदेशक बनाया गया है. गृह सचिव प्रकाश बिंदु को अब पीसीडीएफ के प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी मिली है. इसी प्रकार बरेली के मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी को अब प्रशासनिक सुधार विभाग में सचिव बनाया गया है.

बरेली के मंडलायुक्त बने शंभू कुमार

शासन की ओर से जारी तबादला सूची में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी शंभू कुमार को अब बरेली में मंडलायुक्त बनाया गया है. वहीं पीडब्ल्यूडी के सचिव डॉ. लोकेश एम को प्रयागराज में मंडलायुक्त की जिम्मेदारी मिली है. अब तक प्रयागराज में मंडलायुक्त रहीं सौम्या अग्रवाल अब उत्तर प्रदेश की श्रमायुक्त होंगी. वहीं राजस्व परिषद में सदस्य संदीप कुमार को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम में एमडी बनाया गया है.

यूपीसीडा के सीईओ बने बलकार सिंह

सरकार ने गोरखपुर विकास प्राधिकरण के सचिव पुष्पराज सिंह को अब नोएडा विकास प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया है. वहीं अब तक यह जिम्मेदारी संभाल रहे सतीश पाल को गृह विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है. इसी प्रकार आवास विकास परिषद में आवास आयुक्त रहे डॉ. बलकार सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण में मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है.

Follow Us