शादी के जश्न में पसरा मातम… कमरे में चल रही थी पार्टी, तभी चली गोली और हो गई दूल्हे के दोस्त की मौत
मुरादाबाद में एक शादी समारोह मातम में बदल गया, जब दूल्हे के दोस्त को गोली लग गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. परिजनों ने अस्पताल पर इलाज में घोर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. गोली चलने की असल वजह का पता लगाने के लिए दो दोस्तों को हिरासत में लिया है.
मुरादाबाद के भोजपुर थाना इलाके में एक शादी समारोह मातम में बदल गया. निकाह की खुशियों के बीच अचानक दूल्हे के घर पर चली गोली ने एक घर का चिराग बुझा दिया. यह गोली दुल्हे के करीबी दोस्त को लगी, जिसका इलाज के दौरान अब मौत हो गई है. वहीं, परिजनों ने अस्पताल पर इलाज में घोर लापरवाही का आरोप लगाया है.
घटना भोजपुर थाना इलाके के रुस्तमपुर तिगरी गांव की है, जहां बुधवार की रात ठाकुरद्वारा से बारात विदा होकर वापस लौटी थी, दूल्हे के घर पर जश्न का माहौल था, तभी देर रात करीब 10:30 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में चली गोली दूल्हे के करीबी दोस्त अरबाज के पैर में जा लगी. उसे चक बेगमपुर स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां अब उसकी मौत हो गई है.
मौके से अरबाज के दो दोस्तों को हिरासत में
इस घटना के बाद शादी वाले घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के परिवार ने निजी अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में घोर लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके चलते अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा भी हुआ है, मौत की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को शांत कराया.
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने मौके से अरबाज के दो दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि गोली चलने की असल वजह का पता लगाया जा सके. मृतक अरबाज (22) पुत्र अकरम, मझोला इलाके के गंगन वाली मैनाठेर का रहने वाला था, जो अपने तीन दोस्तों के साथ शादी में शामिल होने आया था.
कमरे के भीतर चारों दोस्त पार्टी कर रहे थे
पुलिस की छानबीन में यह बात सामने आई है कि अरबाज अपने दोस्तों समीर, बिलाल और मोहसिन के साथ दोस्त इकरार की शादी में शामिल होने आया था. दोपहर में बारात ठाकुरद्वारा गई थी और रात को लौटने के बाद सभी दोस्त मकान की दूसरी मंजिल पर एक कमरे में ठहरे हुए थे. बताया जा रहा है कि कमरे के भीतर चारों दोस्त पार्टी कर रहे थे.
तभी वहां मौजूद एक अवैध तमंचे से अचानक फायर हो गया था. गोली सीधे अरबाज के दाहिने पैर के घुटने के ऊपर जा धंसी गई थी, जिससे वह खून से लथपथ होकर वही गिर पड़ा था, गोली की आवाज सुनते ही घर में भगदड़ मच गई थी. पुलिस अब इस बिंदु पर जांच कर रही है कि गोली गलती से चली या इसके पीछे कोई रंजिश या साजिश तो नहीं थी.
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में बिखराव
अरबाज अपने पिता अकरम और मां शहनाज का इकलौता बेटा था, जिसकी मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है. अकरम खुद पिछले 15 वर्षों से हृदय रोग से पीड़ित हैं और मेहनत-मजदूरी कर घर चलाते है. अरबाज के पीछे अब उसकी एक छोटी बहन और बीमार माता-पिता रह गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है.
पिता का आरोप है कि अगर निजी अस्पताल के डॉक्टर समय रहते सही उपचार देते, तो उनके बेटे की जान बच सकती थी. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है. इस घटना ने एक बार फिर शादियों में हथियारों के प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.