ग्रेटर नोएडा में डबल मर्डर से सनसनी, निर्माणाधीन हॉस्टल के एक ही कमरे में मिले खून से लथपथ दो मजदूरों के शव
ग्रेटर नोएडा के एक निर्माणाधीन हॉस्टल के एक ही कमरे में खून से लथपथ दो मजदूरों के शव मिले हैं. दोनों मजदूर हाल ही में यहां काम करने आए थे और निर्माणाधीन परिसर में ही रह रहे थे. दोनों ही मजदूर मेरठ के रहने वाले हैं. एक की पहचान शीशपाल निवासी इंचोली, तो दूसरे की शिनाख्त इंद्र निवासी अब्दुल्लापुर के तौर पर हुई है.
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन हॉस्टल के अंदर दो युवकों के शव मिलने से हड़कंप मच गया है. दोनों की धारदार हथियार से बेरहम तरीके से हत्या की गई है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं. पुलिस ने शव और घटनास्थल को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. यह घटना नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित सीताराम इंस्टिट्यूट के निर्माणधीन हॉस्टल की है.
डायल 112 पर आज सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि हॉस्टल के एक कमरे में दो लोगों के शव एक साथ पड़े हुए हैं. सूचना पर पहुंची पुलिस कमरे के अंदर का दृश्य देखकर सन्न रह गई. दोनों के शव खून से लथपथ पड़े थे. कमरे से पुलिस को कुछ संदिग्ध चीजें भी दिखाई दी. पुलिस ने उन चीजों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
ठेकेदार ने की मृतको की पहचान
मौके पर मौजूद ठेकेदार ने दोनों मृतकों की पहचान कर ली है. दोनों ही मजदूर मेरठ के रहने वाले हैं. एक की पहचान शीशपाल निवासी इंचोली, तो दूसरे की शिनाख्त इंद्र निवासी अब्दुल्लापुर के तौर पर हुई है. दोनों की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार दोनों मजदूर हाल ही में यहां काम करने आए थे और निर्माणाधीन परिसर में ही रह रहे थे.
धारदार हथियार से हमला करने की आशंका
घटनास्थल की स्थिति को देखकर पुलिस आशंका जता रही है कि दोनों की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है. दोनो के शवों पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जो इस बात का इशारा कर रहे हैं कि वारदात के दौरान दोनों ने संघर्ष भी किया होगा. हालांकि पुलिस अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. पुलिस के मुताबिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा.
मौके पर बुलाई गई फॉरेंसिक टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया है. टीम ने कमरे से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं. फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने खून के नमूने फिंगरप्रिंट और अन्य सबूत इकट्ठा किए हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि वारदात से जुड़ी किसी भी संदिग्ध की पहचान की जा सके.
पुलिस कर रही कई एंगल से मामले की जांच
नॉलेज पार्क थाना पुलिस हत्या के हर पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है की घटना के वक्त हॉस्टल परिसर में कौन-कौन मौजूद था. मृतकों से आखिरी बार किसने बात की थी. इसके अलावा पुलिस मृतकों के कॉल डिटेल और उनके परिचितों से भी जानकारी जुटा रही है. ग्रेटर नोएडा के डीसीपी डॉ प्रवीण रंजन ने बताया कि पुलिस आसपास काम करने वाले अन्य मजदूरों और कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है.
इलाके में दहशत, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
डबल मर्डर की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. निर्माणधीन हॉस्टल और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है इस पूरी घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस ने दो टीमों का गठन किया है. डीसीपी ग्रेटर नोएडा का यह भी कहना है कि सीसीटीवी और अन्य फुटेज के माध्यम से हथियारों की पहचान की गई है उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर इस पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.