नदी में छलांग लगाने का रील बनाते वक्त डूबा युवक, बचाने गए दोस्त की भी हो गई मौत
मुरादाबाद में नदी में छलांग लगाने का खतरनाक स्टंट का रील बनाते वक्त एक युवक डूबने लगा. अपने दोस्त को इस स्थिति में देख वहां मौजूद दूसरा युवक उसे बचाने के लिए नदी में कूद. लेकिन दोनों पानी का तेज बहाव बर्दाश्त नहीं कर पाए और एक साथ दम तोड़ दिया.
आजकल युवाओं में सोशल मीडिया पर रील और वीडियो बनाने का जूनून इस कदर हावी हो चुका है कि वे इसके लिए अपनी जान की बाजी लगाने से भी नहीं कतरा रहे हैं. ऐसा ही एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला हादसा मुरादाबाद से भी सामने आया है. यहां के कुंदरकी थाना इलाके में आने वाले अहमद नगर जैतवाड़ा गांव के पास दो बेहद करीबी दोस्तों की रील बनाते वक्त नदी में डूबने से मौत हो गई है.
बुधवार की शाम को कुछ युवक नदी के पुल पर इकट्ठा हुए थे. वहां वे अपने मोबाइल फोन से अलग-अलग पोज में वीडियो और रील शूट कर रहे थे. रील बनाने की इसी सनक के चक्कर में वे पुल से नदी में छलांग लगाने का खतरनाक स्टंट करने लगे और इसी दौरान भीषण हादसा हो गया है. पुलिस ने मृतकों की पहचान 22 वर्षीय समीर उर्फ शर्मी और उसके 21 साल के दोस्त शुएब के रूप में हुई है, जो कुंदरकी के लाइनपार इलाके के रहने वाले थे.
स्टंट की रिकॉर्डिंग करते वक्त हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों युवक अपने चार अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिलों पर सवार होकर शाम के करीब साढ़े चार बजे नदी के पुल पर पहुंचे थे. वहां मौज-मस्ती और खतरनाक स्टंट की वीडियो रिकॉर्डिंग करने के दौरान अचानक दोनों गहरे पानी में समा गए और अपनी जान गंवा बैठे है. नदी में डूबने के हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन भी पहुंच गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है.
दोस्त को बचाने की कोशिश में दूसरा युवक भी डूबा
कुंदरकी इलाके में रील बनाने के दौरान समीर उर्फ शर्मी ने हवा में छलांग लगाते हुए पानी में कूदने का वीडियो रिकॉर्ड करवाने के लिए नदी में छलांग लगा दी थी, लेकिन पानी गहरा होने और बहाव तेज होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया और नदी में डूबने लगा था. अपने दोस्त को जिंदगी और मौत से जूझता देख, उसे बचाने के लिए शुएब ने भी बिना सोचे-समझे तुरंत नदी में छलांग लगा दी थी. शुएब भी पानी के तेज बहाव का सामना नहीं कर सका और वह भी डूबने लगा था.
अस्पताल पहुंचने तक दम तोड़ चुके थे दोनों युवक
नदी के पास मौजूद स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने जब दोनों युवकों को डूबते देखा तो उन्हें तुरंत बचाने के लिए नदी में उतरे. काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को नदी से बाहर निकाला गया. आनन-फानन में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया. लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया है. इस हादसे से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.
