ग्रेटर नोएडा में एक और मर्डर…अब ड्यूटी पर जा रहे युवक को हमलावरों ने गोलियों से भूना

ग्रेटर नोएडा का दीपक नागर दिल्ली की किसी कंपनी में ड्यूटी करता था. इन दिनों उसकी नाइट शिफ्ट चल रही थी. बुधवार रात करीब 9:30 बजे अपने घर से ड्यूटी के लिए निकला, वैसे ही गांव के बाहर घात लगाए बदमाशों ने उसपर फायरिंग कर दी. इस दौरान दीपक को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया. लेकिन तबतक उसकी मौत हो गई थी,

ग्रेटर नोएडा में एक और मर्डर

ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक थर्ड थाना क्षेत्र इलाके के वैदपुरा गांव में बुधवार यानी 20 मई की रात सनसनीखेज वारदात सामने आई. यहां के एक 28 वर्षीय दीपक नगर की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है.

ड्यूटी के लिए जा रहा था दीपक

दीपक नागर दिल्ली की किसी कंपनी में ड्यूटी करता था. इन दिनों उसकी नाइट शिफ्ट चल रही थी. बुधवार रात करीब 9:30 बजे अपने घर से ड्यूटी के लिए निकला, वैसे ही गांव के बाहर घात लगाए बदमाशों ने उसपर फायरिंग कर दी. हमलावरों ने दीपक पर 5 से 6 गोलियां चलाईं. गोली लगते ही दीपक सड़क पर गिर पड़ा. फिर आरोपी मौके से फरार हो गए.

अस्पताल पहुंचने तक युवक ने तोड़ दिया दम

गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. गंभीर हालत में घायल दीपक को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही ईकोटेक थर्ड कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे.

आपसी रंजिश के चलते हुई हत्या

सेंट्रल जोन के डीसीपी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुलिस को आपसी रंजिश की जानकारी मिली. हालांकि अभी तक हत्या के पीछे की असली वजह साफ नहीं हो पाई है. परिजनों ने गांव की कुछ लोगों के नाम पुलिस को बताए हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है.

ग्रेटर नोएडा में बढ़ गई हैं अपराध की घटनाएं

पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली रही है. आरोपियों की पहचान के लिए दो टीमों का गठन किया गया है. फिलहाल, गांव में तनाव पूर्ण स्थिति पैदा हो गई है. अस्पताल के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई है परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. बता दें पिछले कुछ महीनों से ग्रेटर नोएडा में हत्याओं की संख्या में बढ़ोतरी हो गई है.

Follow Us