भट्ठी की तरह तप रहा यूपी, बांदा में 48 डिग्री पार पहुंचा पारा, अलर्ट मोड में अस्पताल
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के मुताबिक अगले एक हफ्ते तक उत्तर प्रदेश में भीषण लू चलने की संभावना है. आज यानी 21 मई को प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में हीटवेव का कहर नजर आएगा. ऐसे में राज्य सरकार ने किसी भी तरह की अपातकालीन स्थिति के प्रदेश भर में अस्पतालों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है.
उत्तर प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है. लगातार चौथे दिन बांदा देश का सबसे गर्म शहर रहा. यहां अधिकतम तापमान 48 डिग्री के पार चला गया. वहीं, प्रयागराज, झांसी, बुलंदशहर और कानपुर जैसे शहरों में भी पारा 45 के पार रिकॉर्ड किया गया है. रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रिकॉर्ड किया जा रहा है.
एक हफ्ते तक पड़ेगी भीषण गर्मी
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के मुताबिक अगले एक हफ्ते तक उत्तर प्रदेश में भीषण लू चलने की संभावना है. अब दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी लोगों की परेशानी में इजाफा कर रही है. प्रदेश में नौतपा की स्थिति होने के चलते दोपहर को असहनीय धूप की स्थिति देखने को मिल रही है. नौतपा के दौरान सूरज की रोशनी सीधे जमीन पर पड़ती है.
जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में जरूरी होने पर ही घर से निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है. इसके अलावा हल्के सूती कपड़े पहनने और थोड़ा सा भी तबीयत खराब होने की स्थिति में डॉक्टर्स से संपर्क करने का निर्देश दिया गया है. प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में आज भी भीषण लू चलने की आशंका है.
अलर्ट मोड में अस्पताल
हीटवेव को देखते हुए सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को हाई अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दे दिए हैं. ब्रजेश पाठक ने साथ ही इसको लेकर अस्पतालों में अलग वार्ड बनाने का निर्देश दिया है. साथ ही प्रदेश के अधिकांश जिलों में स्कूलों की छुट्टियों का ऐलान कर दिया गया है.
29 मई के बाद गर्मी से मिल सकती है राहत
मौसम विभाग की मानें तो 29 मई को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कुछ राहत मिल सकती है. वहीं, मानसून केरल में 26 मई के आसपास पहुंच सकता है और 18 जून को गोरखपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश में दस्तक दे सकता है. इसके बाद शायद गर्मी से राहत मिल सकती है.
बांदा में 48.2 डिग्री दर्ज किया गया तापमान
पिछले 24 घंटे के दौरान 48.2 डिग्री के साथ बांदा सबसे गर्म शहर रहा. फिर, आगरा, झांसी में 46.5, हमीरपुर में 46.2 और प्रयागराज में 45.8 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो नजीबाबाद 23.2 डिग्री के साथ पहले स्थान पर रहा. फिर बस्ती में 25, बाराबंकी में 25.2 और हरदोई में 26 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया.
