बारिश में भरभराकर गिरा मकान, एक झटके में खत्म हो गया परिवार; 8 माह के बच्चे समेत 5 की मौत

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में भारी बारिश के कारण एक कच्चा मकान ढह गया. इस दर्दनाक हादसे में 8 माह के बच्चे सहित एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई. इस्लामुद्दीन का पूरा परिवार इस मलबे में दब गया, जबकि दो अन्य बेटियां गंभीर रूप से घायल हुईं हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

बारिश में मकान गिरने से 5 की मौत

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में लगातार हो रही बारिश की वजह से रविवार की रात बड़ा हादसा हो गया है. यहां फुगाना थाना क्षेत्र के गांव हबीबपुर एक कच्चा मकान भरभरा कर गिर गया. इस हादसे में परिवार के सभी लोग दब गए. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और राहत टीमों ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर सभी लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया है.

मृतकों में 52 वर्षीय परिवार के मुखिया इस्लामुद्दीन, उनका 8 महीने का बेटा जीशान, दो साल की बेटी आहद, पांच साल की बेटी अल्शिफ़ा, 12 साल की बेटी रुकसार शामिल हैं. इस हादसे में इस्लामुद्दीन की दो बेटियां रुकैया और सुमैया गंभीर रूप से घायल हो गई हैं. इन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस समय पुलिस और प्रशासन के तमाम अधिकारी मौके पर हैं. राहत कार्य जारी है.

डॉक्टर ने की मौत की पुष्टि

हादसे के बाद सीएचसी बुढ़ाना के डॉक्टर विकास ने बताया कि यह सभी लोग रात में हबीबपुर सिकरी गांव से आए थे. इनमें पांच लोग मृत अवस्था में अस्पताल लाए गए, वहीं बाकी दो लोग घायल थे. उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है. ये दोनों लड़कियां हैं और बुरी तरह जख्मी हैं. हालांकि उनकी हालत अब खतरे से बाहर है.

लगातार बारिश से आई आफत

स्थानीय लोगों के मुताबिक यहां कई दिनों से कभी हल्की तो कभी तेज बारिश हो रही थी. इसकी वजह से इस्लामुद्दीन के कच्चे मकान में नीचे से ऊपर तक सीलन हो गया था. ऐसे में रविवार की रात जब यहां तेज बारिश शुरू हुई तो पहले मकान का एक हिस्सा गिरा. जब तक परिवार के लोग कुछ समझ पाते, पूरा मकान ही भरभराकर गिर गया. इस हादसे में घर के अंदर सो रहे सभी लोग दब गए. गनीमत रही कि समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू होने से दो लड़कियों को बचा लिया गया.

Follow Us