नोएडा-ग्रेटर नोएडा में 11 से 15 अगस्त तक ट्रैफिक डायवर्जन, जानें क्या है वैकल्पिक रूट

स्वतंत्रता दिवस और बायो फैशन एक्सपो के चलते 11 से 15 अगस्त तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा में विशेष ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा. दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों पर प्रतिबंध होगा. इंडिया एक्सपो मार्ट के आसपास भी रूट बदलेंगे. ट्रैफिक पुलिस ने इसको लेकर एडवाइजरी जारी की है.

नोएडा-ग्रेटर नोएडा ट्रैफिक डायवर्जन 11-15 अगस्त Image Credit:

स्वतंत्रता दिवस और बायो फैशन एक्सपो के चलते नोएडा-ग्रेटर नोएडा में विशेष ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा. 11 से 15 अगस्त तक दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों के लिए कई मार्गों पर डायवर्जन किया जाएगा. जबकि भारी, मध्य और मालवाहक वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा. वाहन चालकों से डायवर्जन रूट का इस्तेमाल करने की अपील की गई है.

नोएडा के डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्र के मुताबिक, चिल्ला बॉर्डर से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को चिल्ला रेड लाइट से यू-टर्न लेना होगा. इसके बाद वाहन नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे के रास्ते अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे. वहीं डीएनडी बॉर्डर से आने वाले वाहनों को भी इसी रूट का इस्तेमाल करना होगा.

यमुना एक्सप्रेसवे से आने वालों के लिए डायवर्जन

इसके अलावा, कालिंदी कुंज-यमुना बॉर्डर से आने वाले वाहनों को यमुना नदी से पहले अंडरपास तिराहे से डायवर्ट कर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के रास्ते ईस्टर्न पेरीफल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा. वहीं, यमुना एक्सप्रेसवे और परी चौक से दिल्ली जाने वाले वाहन P3 कासना और सिरसा होते हुए ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करेंगे.

वहीं, यमुना एक्सप्रेसवे से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को फैलंदा कट, खुर्जा होते हुए सर्विस रोड के रास्ते गलगोटिया, गौतमबुद्ध नगर यूनिवर्सिटी चौक और कासना से ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा. डीसीपी ट्रैफिक ने वाहन चालकों से सामान्य रूट के बदले बताए गए वैकल्पिक मार्गों के इस्तेमाल करने की अपील की है.

एक्सपो मार्ट के आसपास भी बदलेगा ट्रैफिक प्लान

ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 11 से 13 अगस्त तक बायो फैशन एक्सपो का आयोजन होने जा रहा है. इसमें प्रतिदिन करीब 10 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए एक्सपो मार्ट के आसपास भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ने पर अस्थायी डायवर्जन लागू किया जाएगा. साथ ही वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था भी तैयार रखी गई है.

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, गलगोटिया कट से एक्सपो मार्ट गोलचक्कर होकर आईएफएस विला जाने वाले वाहनों को एक्सपो मार्ट गोलचक्कर से बड़ा गोलचक्कर, शारदा गोलचक्कर और एलजी गोलचक्कर होते हुए जगत फार्म की ओर भेजा जाएगा. एक्सपो मार्ट आने वाले लोगों के लिए नासा यू-टर्न से परिसर की पार्किंग तक जाने की व्यवस्था रहेगी.

Follow Us