आ गया वो दिन जिसका था इंतजार… नोएडा एयरपोर्ट पर उतरेगी यात्रियों से भरी पहली फ्लाइट, ये होंगे मेहमान
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 15 जून 2026 को लखनऊ से पहली यात्री उड़ान उतरेगी, जो इंडिगो द्वारा संचालित होगी. यह ऐतिहासिक पल गौतम बुद्ध नगर और एनसीआर के लिए विकास, पर्यटन और निवेश के नए द्वार खोलेगा. शुरुआती चरण में घरेलू उड़ानों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे क्षेत्र में कारोबार और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा. यह एयरपोर्ट दिल्ली का एक बड़ा विकल्प बनेगा.
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट वैसे तो पहले ही शुरू हो चुका है, लेकिन कल सोमवार 15 जून 2026 को इस एयरपोर्ट पर पहली बार यात्रियों को लेकर इंडिगो एयरलाइंस का विमान उतरेगा. यह विमान सुबह करीब 8:05 बजे लखनऊ से उड़ान भरेगा और एक घंटे का सफर कर जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करेगा. इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाने के लिए एयरपोर्ट प्रबंधन ने विशेष तैयारियां की है.
एयरपोर्ट प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक इस फ्लाइट में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार से जुड़े अधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य विशेष यात्री शामिल हो सकते हैं. साथ ही इसमें गौतम बुद्ध नगर के कुछ कारोबारी और उद्यमी भी इस ऐतिहासिक यात्रा के गवाह बनेंगे. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहली यात्री फ्लाइट के स्वागत के लिए खास इंतजाम किए गए हैं. एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार यह उड़ान एयरपोर्ट की तैयारी और संचालन व्यवस्था को रखने के लिहाज से बेहद अहम होगी. फ्लाइट के उतरने के बाद यात्रियों की एंट्री, सुरक्षा जांच, लगेज सिस्टम, टर्मिनल सुविधाओं और अन्य सेवाओं को जांचा जाएगा.
लखनऊ-बेंगलुरु से शुरुआत
अधिकारियों के अनुसार शुरुआती चरण में नोएडा एयरपोर्ट से घरेलू उड़ानों को प्राथमिकता दी जाएगी.15 जून को लखनऊ और बेंगलुरु की फ्लाइट शुरू होगी. वहीं 16 जून से हैदराबाद, जम्मू और अमृतसर जैसे शहरों के लिए उड़ानें शुरू होंगी. आने वाले समय में यहां से बरेली, नवी मुंबई, श्रीनगर, जयपुर, धरमशाला, भोपाल, चंडीगढ़, किशनगढ़ और देहरादून समेत कई शहरों के लिए भी उड़ान सेवा शुरू होने वाली हैं.
एनसीआर में कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के बड़े एविएशन प्रोजेक्ट में शामिल है. इसके शुरू होने से गौतम बुद्ध नगर, नोएडा, ग्रेटर नोएडा यमुना सिटी, और आसपास के क्षेत्र में विकास की रफ्तार और तेज होने की उम्मीद है. एयरपोर्ट के संचालन से सिर्फ यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट का एक बड़ा विकल्प मिलेगा, बल्कि उद्योग पर्यटन निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. स्थानीय कारोबारी और लोगों में पहली फ्लाइट को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है.
जानें कौन हैं मेहमान
अधिकारियों के मुताबिक लखनऊ से उड़ान भरकर जेवर एयरपोर्ट पर लैंड करने वाली कल ही वापस लखनऊ के लिए भी उड़ान भरेगी. इस उड़ान में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह यात्रा करेंगे. उनके साथ उन 172 किसान भी होंगे, जिनकी जमीन इस एयरपोर्ट के निर्माण में गई है. यह सभी लोग लखनऊ आकर सीएम योगी से मिलेंगे और उन्हें इस एयरपोर्ट के लिए धन्यवाद देंगे.