छठ पूजा में कैसे जाएंगे अपने गांव? UP-बिहार जाने वाली ट्रेनें फुल, हवाई किराया भी हो गया डबल

छठ-दिवाली पर घर जाने की चाहत रखने वालों की चिंता बढ़ गई है. UP-बिहार की ट्रेनें महीनों पहले फुल हो चुकी हैं, और हवाई किराया भी डबल है. ज्यादातर ट्रेनों में अभी से वेटिंग हो चुका है. वहीं बाकी ट्रेनों में नो रूम हो चुका है. ऐसे में दिवाली छठ पर अपने गांव जाने की चाहत रखने वालों को अब स्पेशल ट्रेनों से ही उम्मीद है.

ट्रेन ( प्रतीकात्मक तस्वीर) Image Credit:

दिवाली और छठ पूजा में अभी दो महीने का वक्त है, लेकिन इन त्योहारों पर अपने घर-गांव जाने की चाहत रखने वालों के चेहरे पर बेचैनी अभी से देखी जा रही है. यह बेचैनी उस समय और भी बढ़ जा रही है, जब ट्रेनों में सीट नहीं मिलती. कई लोगों ने वेटिंग में टिकट ले तो लिया है, लेकिन इसे कंफर्म होने के चांस कम ही नजर आ रहे हैं. रही सही हवाई किराए की महंगाई पूरी किए दे रही है. इस समय भी हवाई जहाज में दिल्ली से गोरखपुर, पटना, रांची आदि शहरों के लिए टिकट बुक कराने पर किराया डबल लग रहा है.

माना जा रहा है कि यह किराया समय नजदीक आने के साथ और बढ़ सकता है. बता दें कि पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड से आकर बड़ी संख्या में लोग नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और दिल्ली में रहकर रोजी रोटी कमा रहे हैं. इन सभी लोगों की इच्छा रहती है कि भले ही पूरे साल वह अपने गांव ना जा पाएं, लेकिन छठ पूजा में जरूर पहुंचे. बीते वर्षों की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों की यह इच्छा पूरी होती नजर नहीं आ रही. दरअसल दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर जाने वाली सभी ट्रेनें अभी से फुल हो गई हैं.

हवाई किराया भी हुआ डबल

ऐसे में एक उम्मीद तत्काल कोटे की बची है तो वो भी नसीब बहुत अच्छा होने पर ही मिल पाता है. उधर, पूर्वांचल और बिहार के लिए हवाई किराया भी डबल हो गया है. माना जा रहा है कि जैसे जैसे समय नजदीक आएगा, यह किराया और महंगा होता जाएगा. ऐसे हालात में कई लोगों ने अपने वाहनों या टैक्सी से अपने गांव जाने का फैसला किया है. देवरिया के रहने वाले राजकुमार सिंह बताते हैं कि दिवाली और छठ पूजा वह अपने गांव में करना चाहते थे, इसके लिए टिकट बुकिंग की कोशिश की, लेकिन सभी ट्रेनों में अभी से वेटिंग दिख रहा है. कई ट्रेनों में तो नो रूम भी हो चुका है.

स्पेशल ट्रेनों से है उम्मीद

बलिया के रहने वाले विजय राय कहते हैं कि रेलवे हर साल दिवाली छठ से पहले स्पेशल ट्रेनों का संचालन करता है. उम्मीद है कि इस साल भी कुछ ट्रेनों का संचालन करेगा. इससे उम्मीद है कि काफी लोगों को राहत मिल जाएगी. लेकिन इन ट्रनों में भी देखना होगा कि आपके रूट पर कोई ट्रेन चल रही है या नहीं. रेलवे के रिकार्ड के मुताबिक इस समय पूर्वांचल और बिहार की ओर जाने वाली संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, शिव गंगा एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस और वंदेभारत में 4 से 6 नवंबर के बीच कोई सीट उपलब्ध नहीं है.

स्पेशल ट्रेनों के लगेंगे 6 हजार फेरे

बीते वर्ष त्योहारों पर स्पेशल ट्रेनों ने 5400 फेरे लगाए थे. रेलवे सूत्रों के मुताबिक इस साल इन फेरों की संख्या बढ़ाकर 6 हजार की जा सकती है. ये स्पेशल ट्रेनें दिल्ली से बनारस, अयोध्या कैंट, पटना, दरभंगा, बरौनी, सहरसा, प्रयागराज, जोगबनी, भागलपुर आदि स्टेशनों के लिए चलाई जा सकती है. उत्तर रेलवे के मुख्य प्रवक्ता हिमांशु शेखर उपाध्याय के मुताबिक सबसे अधिक मांग वाले रूटों को चिन्हित कर स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा.

Follow Us