नोएडा से NH-9 का सफर होगा फर्राटेदार! 1500 करोड़ से बनेगा 900 मीटर लंबा मेगा फ्लाईओवर
नोएडा वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है. अब छिजारसी कट पर घंटों के जाम से निजात मिलने वाला है. छिजारसी कट से सेक्टर 63ए तक 900 मीटर लंबा चार लेन फ्लाईओवर बनेगा. प्रधिकरण ने इसके लिए 1500 करोड़ का प्रस्ताव रखा है. यह NH-9 और FNG कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा.
नोएडा में छिजारसी कट से सेक्टर-63ए तक रोजाना लगने वाले भीषण जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है. नोएडा प्राधिकरण ने इस समस्या के समाधान के लिए करीब 1500 करोड़ रुपये की लागत से 900 मीटर लंबा चार लेन फ्लाईओवर बनाने की कार्ययोजना तैयार की है. इसके बनने से NH-9 और FNG की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी.
प्राधिकरण की योजना के मुताबिक, प्रस्तावित चार लेन फ्लाइओवर एसजीएम अस्पताल के पास छिजारसी से अंडरपास से जुड़कर ऊपर उठेगा और औद्योगिक सेक्टर 63 में शनि मंदिर के पास उतरेगा. इससे वाहनों को बार-बार चौराहों पर रुकने और जाम में फंसने से राहत मिलेगी. इस परियोजना से रोजाना करीब 3 लाख लोगों को सीधा फायदा होगा.
जाम से मुक्ति, FNG तक पहुंचना आसान
छिजारसी का यह मार्ग नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों के साथ फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद यानी FNG कॉरिडोर के लिए भी अहम है. सेक्टर-63 से 68 तक बड़ी संख्या में कर्मचारी रोजाना इस रास्ते से गुजरते हैं. शाम के समय सड़क किनारे लगने वाले अवैध बाजार और बढ़ते यातायात के कारण जाम की स्थिति हो जाती है, लोगों को घंटों परेशान होना पड़ता है.
बोर्ड की मंजूरी के बाद शुरू होगी प्रक्रिया
फीजिबिलिटी सर्वे के आधार पर परियोजना की अनुमानित लागत करीब 1500 करोड़ रुपये बताई गई है. अब इसका प्रस्ताव नोएडा प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में रखा जाएगा. बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी. फ्लाईओवर बनने के बाद एनएच-9, नोएडा और एफएनजी कॉरिडोर के बीच सफर ज्यादा सुगम होने की उम्मीद है.
प्राधिकरण के महाप्रबंधक सिविल एसपी सिंह के मुताबिक छिजारसी कट पर जाम से राहत के लिए चार लेन फ्लाईओवर की कार्ययोजना तैयार है. इसके अलावा छिजारसी मोड़ से एफएनजी तक करीब डेढ़ मीटर सड़क चौड़ीकरण और बिजली के पोल हटाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है. इसमें फुटपाथ को करीब 0.5 मी कम करने का सुझाव भी है.