नोएडा से ग्रेटर नोएडा का सफर हुआ आसान, CM योगी ने 44 ई-बसों को दिखाई हरी झंडी
नोएडा से ग्रेटर नोएडा के बीच सफर आसान होने जा रहा है. इसके लिए सीएम योगी ने 44 हाईटेक ई-बस को हरी झंडी दिखाई है.इससे उन लोगों को सबसे ज्यादा फायदा होगा जो रोजाना नौकरी, पढ़ाई और अन्य कार्यों के लिए सफर करते हैं और उन्हें अपने गंतव्य के लिए ऑटो या कैब जैसे साधनों का इस्तेमाल करना पड़ता है.
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. लंबे इंतजार के बाद शहर में इलेक्ट्रिक सिटी बसें सेवा की शुरुआत हो गई है. सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से वर्चुअल माध्यम के जारी 44 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है. इन बसों के संचालन से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और शहर में प्रदूषण कम करने की दिशा में भी मदद मिलेगी. इसके लिए नोएडा ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण तीनों जगह से अलग-अलग जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया
हाईटेक सुविधाओं से लैस है नई बसें
शहर में शुरू की गई इलेक्ट्रिक बसों को यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. सभी बसें पूरी तरह से वातानुकलित हैं. हर बस में करीब 41 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा बसों में सीसीटीवी कैमरे, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट और आधुनिक सुरक्षा उपकरण भी लगाए गए हैं. जिससे यात्रियों का सफर ज्यादा सुरक्षित और आरामदायक होता है. इसके साथ ही महिलाओं और बुजुर्ग यात्रियों की सुविधा को देखते हुए भी खास इंतजाम किए गए हैं.
चार प्रमुख रूटों पर चलेंगी बसें
नई सिटी बस सेवा के तहत नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच चार प्रमुख रूट तैयार किए गए हैं. इन रूटों में शहर के अलग-अलग सेक्टरों मेट्रो स्टेशन शिक्षण संस्थानों और औद्योगिक क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी. पहले रूट में बोटैनिकल गार्डन से सिटी सेंटर और ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र को जोड़ा जाएगा. अन्य रोड के जरिए परी चौक, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, दनकौर और आसपास के क्षेत्र तक यात्रियों को बस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.
इससे उन लोगों को सबसे ज्यादा फायदा होगा जो रोजाना नौकरी, पढ़ाई और अन्य कार्यों के लिए सफर करते हैं. नई सुविधाओं के साथ बसों के किराए ढांचे में भी बदलाव किया गया है. पहले जहां न्यूनतम किराया 10 और अधिकतम किराया 30 था, वहीं अब इसे बढ़ाकर 20 से 50 के बीच किया गया है.अधिकारियों का कहना है कि बेहतर सुविधाओं और संचालन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया गया है.
आने वाले दिनों में 100 इलेक्ट्रिक बसें चलाने की तैयारी
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के अधिकारियों के मुताबिक आने वाले समय में नोएडा-ग्रेटर नोएडा की सड़कों पर करीब 100 इलेक्ट्रिक बसें संचालित करने की योजना है इसके लिए चालक और परिचालकों की भर्ती प्रक्रिया भी संविदा के आधार पर की जाएगी. अधिकारियों का कहना है कि इलेक्ट्रिक बसों के आने से जहां यात्रियों को आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी वहीं शहर में ट्रैफिक दबाव और प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलेगी आने वाले समय में यह सेवन नोएडा और ग्रेटर नोएडा की लाइफ लाइन साबित हो सकती.
