नोएडा: इमरजेंसी कॉल पर जा रही डायल-112 PRV को थार ने मारी टक्कर, पायलट की दर्दनाक मौत

नोएडा के सेक्टर 63 में इमरजेंसी कॉल अटेंड करने जा रही यूपी 112 की पीआरवी (PRV) वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस दर्दनाक हादसे में पीआरवी चालक (पायलट) कपिल तोमर की जान चली गई. ड्यूटी के दौरान हुई इस घटना से पुलिस महकमे और परिवार में शोक की लहर है.

डायल 112 PRV हादसे में पायलट कपिल तोमर की मौत Image Credit:

नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में इमरजेंसी कॉल अटेंड करने जा रही यूपी-112 की पीआरवी (PRV) भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई. बहलोलपुर-बहरामपुर के पास देर रात एक तेज थार ने PVR में जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में पीआरवी चालक और होमगार्ड पायलट कपिल तोमर की मौत हो गई, जबकि पीआरवी कमांडर गंभीर रूप से घायल हैं.

जानकारी के मुताबिक, थाना सेक्टर-63 की पीआरवी संख्या 9619 को इलाके से एक इमरजेंसी कॉल मिली थी. कॉल मिलते ही पीआरवी में तैनात कमांडर कांस्टेबल प्रवीण कुमार और पायलट होमगार्ड कपिल कुमार तत्काल मौके के लिए रवाना हुए थे. दोनों एनएच-9 के रास्ते गौर सिटी-2 की ओर जा रहे थे. तभी लाल रंग की बेकाबू थार ने जोरदार टक्कर मार दी.

बहरामपुर पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर हादसा

बताया जा रहा है कि रात करीब साढ़े 11 बजे बहरामपुर पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर लाल रंग की थार ने पीआरवी में जोरदार टक्कर मार दी. आरोप है कि थार चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था. टक्कर इतनी भीषण थी कि पीआरवी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसे की सूचना मिलते ही बहरामपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए एसजेएम अस्पताल ले जाया गया. इलाज के दौरान डॉक्टरों ने पायलट कपिल कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं, पीआरवी कमांडर कांस्टेबल प्रवीण कुमार गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है.

नोएडा पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई

वहीं, ड्यूटी के दौरान साथी पुलिसकर्मी की मौत की खबर से नोएडा पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है. हादसे की सूचना कपिल तोमर के परिवार को दी गई, जिसके बाद परिवार में भी मातम पसर गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस प्रशासन द्वारा हादसे के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Follow Us