शाहबेरी में UP का पहला डबल डेकर फ्लाईओवर! इन 3 शहरों की बेहतर होगी कनेक्टिविटी

करीब 1400 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर के दोनों तलों पर वन वे ट्रैफिक की व्यवस्था होगी. इससे वाहनों का दबाव कम होगा और ग्रेटर नोएडा से गाजियाबाद तथा दिल्ली की ओर जाने वाले लोगों का सफर पहले की तुलना में कहीं अधिक तेज और सुगम होगा.

उत्तर प्रदेश के तीन शहरों नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद की आपसी कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होने वाला है. इसके लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शाहबेरी और क्रॉसिंग रिपब्लिक के बीच डबल डेकर फ्लाईओवर बनाने का निर्णय लिया है. इस फ्लाईओवर के बनने से इन तीनों शहरों की दिल्ली से भी कनेक्टिविटी में सुधार होगा. अभी इस स्थान पर दिन भर जाम की स्थिति रहती है. कई बार तो महज एक किमी का सफर तय करने में ही एक घंटे से अधिक का वक्त लग जाता है.

इस समस्या के समाधान के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण उत्तर प्रदेश का पहला डबल डेकर फ्लाईओवर बनाने जा रहा है. करीब 900 करोड रुपए की लागत से बनने वाला यह फ्लाईओवर 130 मीटर रोड को शाहबेरी और क्रॉसिंग रिपब्लिक के रास्ते सीधा दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा. इस परियोजना का प्रजेंटेशन NHAI को सौंप दिया गया है. वहीं, अब विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है.

कई उपायों के बाद भी नहीं सुधरे हालात

शाहबेरी और तिगरी चौक के आसपास हर दिन हजारों वाहन जाम में फंसते हैं. नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट से गाजियाबाद और दिल्ली जाने वाले वाहन घंटों जाम में फंसते हैं. ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए प्राधिकरण ने पहले सड़क का चौड़ीकरण किया. बीच में डिवाइडर भी लगाया, फिर भी अतिक्रमण और ट्रैफिक के दबाव की वजह से कोई राहत नहीं मिली. ऐसे में समस्या के स्थाई समाधान के लिए अब डबल डेकर फ्लाईओवर का विकल्प चुना गया है.

6 लेन होगा फ्लाईओवर

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के परियोजना विभाग के अनुसार सामान्य चार लाइन फ्लाईओवर के निर्माण के लिए करीब 15 मीटर चौड़ाई की आवश्यकता होती है. जबकि शाहबेरी क्षेत्र में अधिकतम 14 मीटर जगह ही उपलब्ध है. ऐसे में विशेषज्ञ और कंसल्टेंट की सलाह पर डबल डेकर फ्लाईओवर की डिजाइन तैयार की गई है. इस डिजाइन में केवल 12 मीटर चौड़ाई के भीतर दोनों तलों पर तीन-तीन लेन बनाई जाएंगी. जिससे कुल 6 लेने का ट्रैफिक आसानी से संचालित हो सकेगा.

1400 मीटर लंबा होगा प्रोजेक्ट

करीब 1400 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर के दोनों तलों पर वन वे ट्रैफिक की व्यवस्था होगी. इससे वाहनों का दबाव कम होगा और ग्रेटर नोएडा से गाजियाबाद तथा दिल्ली की ओर जाने वाले लोगों का सफर पहले की तुलना में कहीं अधिक तेज और सुगम होगा. इस परियोजना के पूरा होने के बाद नोएडा, ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, शाहबेरी, क्रॉसिंग्स रिपब्लिक, गाजियाबाद और दिल्ली के बीच रोजाना सफर करने वाले लाखों लोगों को सीधा फायदा मिलेगा. खासकर तिगरी चौक और शाहबेरी क्षेत्र में लगने वाले लंबे जाम से लोगों को राहत मिलेगी.

Follow Us