नोएडा हाईटेंशन लाइन से 12 मीटर ऊपर बनेगी लिंक एलिवेटेड रोड, IIT रुड़की तैयार कर रहा DPR

नोएडा में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सेक्टर 94 से पुस्ता तक 31 किमी लंबी एलिवेटेड लिंक रोड बनेगी. खास बात है कि यह सड़क हाईटेंशन लाइन के ऊपर 12 मीटर की ऊंचाई पर निर्मित होगी. आईआईटी रुड़की इसकी संशोधित डीपीआर तैयार कर रही है, जिसमें 200 करोड़ का अनुमानित खर्च है.

सेक्टर 94 से पुस्ता तक 31 किमी लंबी एलिवेटेड लिंक रोड बनेगी Image Credit:

नोएडा में यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए एक बड़ी परियोजना पर काम तेज हो गया है. महामाया फ्लाईओवर के पास सेक्टर 94 से पुस्ता तक 31 किमी लंबी एलिवेटेड लिंक रोड बनेगी. IIT रुड़की इसकी रिवाइज्ड डीपीआर तैयार कर रही है. इस रोड की खास बात यह होगी की यह हाई टेंशन लाइन के 12 मीटर ऊपर से गुजरेगी.

प्राधिकरण के जीएम एसपी सिंह के मुताबिक, प्रस्तावित एलिवेटेड रोड की ऊंचाई पहले करीब 4 मीटर रखी गई थी. लेकिन अभी इसे बढ़कर करीब 12 मीटर करने की तैयारी है. हाई टेंशन लाइन बीच में आने के कारण डिजाइन में बदलाव किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट पर करीब 200 करोड रुपए से अधिक खर्च होने का अनुमान है.

हाइटेंशन लाइन को डिस्टर्ब किए बिना बनेगी रोड

एलिवेटेड लिंक रोड के निर्माण से पहले स्वाइल टेस्ट किया गया है जिससे मिट्टी की बियरिंग की क्षमता का पता लगाया जाएगा. इसी आधार पर पिलरों की ऊंचाई तय होगी ताकि एलीवेटर रोड को मजबूती और सुरक्षा मानकों के हिसाब से बनाया जा सके. IIT रुड़की की टीम रिवाइज्ड DPR तैयार कर रही है, जिसने हाल ही में पूरे रूट का दोबारा सर्वे किया है.

सर्वे में जमीन की ऊंचाई, नाले, पेड़, पौधों और आसपास की संरचनाओं की जानकारी जुटा गई है. मिट्टी का परीक्षण चल रहा है. जांच के बाद बियरिंग कैपेसिटी के आधार पर पिलर की ऊंचाई को बढ़ाया जाएगा. इसी रिपोर्ट के आधार पर फाइनल डीपीआर तैयार होगी. इससे हाइटेंशन लाइन को बिना डिस्टर्ब और मानकों को देखते हुए एलिवेटेड को बनाया जा सके.

सेक्टर 38 के सामने चिल्ला एलिवेटेड रोड से जुड़ेगा

अधिकारियों ने बताया कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के ऊपर एक नया एलिवेटेड रोड बनाने का प्लान है, जो इसे सेक्टर 38 के सामने चिल्ला एलिवेटेड रोड से जोड़ेगा और सेक्टर 94 राउंडअबाउट तक ले जाएगा. इससे दिल्ली और सेक्टर 15 की ओर जाने वाले वाहन एक्सप्रेसवे पर चढ़े बिना सीधे सेक्टर 94 पहुंच सकेंगे. नई रिपोर्ट मंगलवार तक सामने आ जाएगी.

Follow Us