हो जाएं तैयार, नोएडा एयरपोर्ट पर पहली उड़ान जल्द! जानें कब से शुरू होगी टिकट बुकिंग
यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के बोर्ड सदस्य 20 अप्रैल को एयरपोर्ट का दौरा करेंगे.बोर्ड के इस निरीक्षण के बाद कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं. माना जा रहा है कि नोएडा एयरपोर्ट पर पहली उड़ान सेवा जल्द शुरू की जा सकती है. इसके लिए टिकटों की बिक्री अप्रैल में शुरू की जा सकती है.
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आई है. अब इस एयरपोर्ट पर जल्द ही विमान सेवाएं शुरू की जा सकती हैं. यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड का बोर्ड 20 अप्रैल को इसको लेकर एयरपोर्ट का महत्वपूर्ण निरीक्षण करने जा रहा है. ऐसे में माना जा रहा है यहां फ्लाइट सर्विस अप्रैल में ही शुरू की जा सकती है.
यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के बोर्ड सदस्य 20 अप्रैल को एयरपोर्ट का दौरा करेंगे. यह निरीक्षण सिर्फ औपचारिकता नहीं बल्कि विमान सेवाओं की शुरुआत से पहले की एक निर्णायक प्रक्रिया है. इस दौरान एयरपोर्ट की तैयारी सुरक्षा इंतजामों और संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का गहन मूल्यांकन किया जाएगा. बोर्ड के इस निरीक्षण के बाद कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं, जो एयरपोर्ट के संचालन की दिशा में तय करेंगे.
अप्रैल से टिकट बिक्री शुरू होने की संभावना
जानकारी के मुताबिक अगर निरीक्षण सफल रहता है तो अप्रैल से फ्लाइट टिकटों की बिक्री शुरू की जा सकती है. यह संकेत देता है कि एयरपोर्ट अब संचालन के अंतिम चरण में पहुंच चुका है. हालांकि टिकट बिक्री शुरू होने से पहले कुछ जरूरी औपचारिकताओं को पूरा करना होगा. इसमें सबसे अहम है सुरक्षा मंजूरी. एयरपोर्ट से उड़ान सेवाएं शुरू करने के लिए नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो से एयरपोर्ट सिक्योरिटी प्रोग्राम की मंजूरी जरूरी है.
एयरपोर्ट सिक्योरिटी प्रोग्राम को मंजूरी मिलने की प्रक्रिया फिलहाल लंबित बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि इस देरी की एक वजह कंपनी के शीर्ष पद पर विदेशी सीईओ का होना भी है. इसके चलते कुछ प्रक्रियाएं समय ले रही है. बोर्ड बैठक में इस मुद्दे पर भी निर्णय लिया जा सकता है. घरेलू उड़ाने जल्द शुरू करने साल के अंत तक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की भी शुरुआत करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए एयरलाइंस कंपनी अभी अपनी तैयारी में जुटी हुई है.
प्रधानमंत्री कर चुके हैं उद्घाटन, अब संचालन का इंतजार
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जा चुका है. इसके बावजूद अभी तक नियमित विमान सेवाएं शुरू नहीं हो पाई हैं. अब सब की नजर इस बात पर टिकी है कि निरीक्षण और सुरक्षा मंजूरी के बाद आखिर कब तक यहां से उड़ाने शुरू होंगी. वही एयरपोर्ट प्रबंधन की योजना के अनुसार शुरुआत में घरेलू उड़ानों को शुरू किया जाएगा जिसमें देश के प्रमुख शहरों के लिए यहां से कनेक्टिविटी दी जाएगी.
तेजी से पूरा हो रहा बाकी काम
एयरपोर्ट के अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल और अन्य बचे हुए कामों को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है अधिकारियों का दावा है कि सभी जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर लगभग तैयार है. सिर्फ अंतिम मंजूरी का इंतजार है. जैसे ही सभी प्रक्रियाएं पूरी होगी, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के सबसे आधुनिक एयरपोर्ट में शामिल हो जाएगा. कुल मिलाकर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हवाई उड़ानें शुरू होने की प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में है. 20 अप्रैल का निरीक्षण और उसके बाद लिए जाने वाले फैसला यह तय करेगा की उड़ान सेवाएं कब से शुरू होगी.
