नोएडा से लखनऊ-बेंगलुरू की सस्ती हुई उड़ान, दो एयरलाइंस ने घटाया किराया
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लखनऊ और बेंगलुरु की उड़ानें सस्ती हो गई हैं. इंडिगो और अकासा एयर ने इन रूट्स पर किराए में कटौती की है, जिससे यात्रियों को अब कम खर्च में यात्रा का मौका मिलेगा. 15 जून से शुरू हो रही सेवाओं के साथ, यह फैसला टिकट बुकिंग को बढ़ावा देगा और यात्रियों का रुझान बढ़ाएगा. अन्य शहरों के किराए में भी कमी की गई है.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सफर करने वालों के लिए बड़ी खबर है. इस एयरपोर्ट से लखनऊ और बेंगलुरू की उड़ाने सस्ती हो गई हैं. आज अकासा एयर और इंडिगो एयरलाइंस ने इन दो शहरों के अलावा कई अन्य शहरों के लिए किराए में कटौती कर दी है. किराया कम होने से यात्रियों को पहले के मुकाबले अपनी यात्रा में कम खर्च करना होगा.
माना जा रहा है कि इन दोनों एयरलाइंस के ताजे फैसले के बाद नोएडा एयरपोर्ट से टिकट बुकिंग में तेजी आएगी. इससे यात्रियों का रुझान भी बढ़ेगा. जानकारी के मुताबिक नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से यात्री सेवाएं शुरू होने जा रही हैं. इंडिगो एयरलाइंस पहले दिन से ही चार शहरों के लिए उड़ान सेवा शुरू करेगी. वही अकासा एयरलाइंस ने 16 जून से अपनी सेवाएं शुरू करने का एलान किया है. एयरलाइन कंपनियों ने टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी है.
दो रूटों पर ज्यादा राहत
शुरुआती दौर में इस एयरपोर्ट से किराया अधिक था. इसकी वजह से माना जा रहा था कि दिल्ली एयरपोर्ट की तुलना में नोएडा एयरपोर्ट से सफर महंगा पड़ सकता है. लेकिन, किराए में कटौती के बाद यात्रियों को काफी राहत मिलने वाली है. इंडिगो एयरलाइंस ने लखनऊ रूट के लिए किराए में करीब 1587 रुपए तक की कटौती की है. पहले लखनऊ का किराया 4981 रुपए था. अब इसे घटाकर 3394 कर दिया गया है.
इन रूटों पर भी कम हुआ किराया
अकासा एयरलाइंस ने बेंगलुरु और नवी मुंबई रूट के किराए में बड़ी कटौती की है. बेंगलुरु का किराया 8532 रुपए से घटकर 6500 कर दिया गया है. जबकि नवी मुंबई के किराए में भी करीब 1500 की कमी की गई है. इंडिगो ने हैदराबाद रूट के किराए में हल्की कमी की है. पहले यह किराया 6198 था अब 6129 रुपए हो गया है. वहीं अमृतसर रूट के लिए किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है. हालांकि इंडिगो ने बेंगलुरु रूट पर किराया बढ़ाया है. पहले यह किराया 8979 रुपए था, अब बढ़कर 9687 रुपए हो गया है.