गंगा-यमुना लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए जमीन अधिग्रहण शुरू, 16 गांव के किसानों को नोटिस; इतना मिलेगा मुआवजा
गंगा-यमुना लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए यीडा ने 740 एकड़ जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है. यह एक्सप्रेसवे गंगा एक्सप्रेसवे को यमुना एक्सप्रेसवे और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ेगा. इसी क्रम में 16 गांवों के किसानों से जमीन खरीदने के लिए नोटिस जारी हो गए हैं, अप्रैल तक अधिग्रहण पूरा करने का लक्ष्य है.
मेरठ से प्रयागराज तक बन रहे गंगा एक्सप्रेस-वे को यमुना एक्सप्रेस-वे और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी के लिए प्रस्तावित 74.3 किलोमीटर लंबे लिंक एक्सप्रेस-वे के निर्माण की कवायद शुरू हो गई है. इसमें करीब 20 किमी का हिस्सा यीडा क्षेत्र में है. यीडा ने अपने हिस्से में काम शुरू करने से पहले जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके लिए 16 गांवों के 200 से अधिक किसानों को जमीन का बैनामा करने के लिए नोटिस जारी कर दिया गया है.
यीडा के अधिकारियों के मुताबिक जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया हर हाल में अप्रैल महीने में पूरी कर ली जाएगी. अधिकारियों के मुताबिक जमीन अधिग्रहण की दरें भी घोषित कर दी गई है. खेती की जमीन का अधिग्रहण 3808 रुपये प्रति वर्गमीटर (एक्सग्रेसिया सहित) की दर से किया जाएगा. वहीं आबादी भूखंड के लिए 4300 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर निर्धारित की गई है. यह जानकारी यीडा के एसीईओ राजेश कुमार ने दी. उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) द्वारा गंगा एक्सप्रेस-वे को यमुना एक्सप्रेस-वे से जोड़ने के लिए लिंक एक्सप्रेस-वे बनाया जाना है.
स्याना से फिल्म सिटी तक बनेगा लिंक रोड
यीडा के अधिकारियों के मुताबिक 44.3 किलोमीटर लंबा यह लिंक एक्सप्रेस-वे गंगा एक्सप्रेसवे पर बुलंदशहर के स्याना से शुरू होगा और यमुना एक्सप्रेस-वे पर यमुना एक्सप्रेस-वे के 24.8 किलोमीटर माइन स्टोन यानी सेक्टर-21 फिल्म सिटी के पास आकर कनेक्ट होगा. यीडा क्षेत्र में इस प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेस-वे का करीब 20 किलोमीटर का हिस्सा आएगा. इसमें भी नौ किमी हिस्सा एलिवेटेड है. इस हिस्से के लिए कुल 16 गांवों की लगभग 740 एकड़ जमीन खरीदी जानी है.
कैंप लगाकर होंगे बैनामे
यीडा के अधिकारियों के मुताबिक किसानों की जमीन खरीदने के लिए संबंधित गांवों में कैंप लगाया जाएगा. इसके लिए संबंधित किसानों की सूची जारी कर दी गई है. इन सभी किसानों से 15 दिन के अंदर आपत्ति मांगी गई है. आपत्तियों पर सुनवाई के बाद बैनामे शुरू कर दिए जाएंगे. बता दें कि इस लिंक एक्सप्रेस-वे के पास ना केवल यमुना सिटी की 10 से अधिक आवासीय और व्यवसायिक सेक्टर जुड़े हैं, बल्कि यही आसपास में ही यूपी की पहली सेमी कंडक्टर यूनिट के अलावा जापानी, कोरियन, फिनटेक यूनिटें भी प्रस्तावित हैं. प्रस्तावित फिल्म सिटी भी इस लिंक एक्सप्रेस-वे के पास है.
जमीन अधिग्रहण के लिए मिला बजट
अधिकारियों के मुताबिक यीडा क्षेत्र में लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए जमीन अधिग्रहण की हरी झंडी सरकार से मिल गई है. इसी के साथ 1204 करोड़ रुपये का बजट भी आ गया है. इस बजट से 740 एकड़ भूमि खरीद कर निर्माण कार्य शुरू करने के लिए यूपीडा को हैंडओवर किया जाना है. इस एक्सप्रेस-वे के बनाने से यमुना एक्सप्रेस-वे के रास्ते मेरठ और प्रयागराज का सफर आसान हो जाएगा. बल्कि नोएडा से चलकर आगरा गए बिना लोग गंगा एक्सप्रेस-वे से प्रयागराज का सफर तय कर सकेंगे.
