गौतमबुद्ध नगर: खाड़ी देशों में फंसे लोगों के लिए प्रशासन की बड़ी पहल, हेल्पलाइन जारी; मांगे डिटेल्स
गौतम बुद्ध नगर प्रशासन ने खाड़ी देशों में तनावपूर्ण हालात के मद्देनजर एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. वहां रह रहे या कार्यरत जनपद वासियों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं. साथ ही प्रशासन ने परिवारों से विदेश गए अपने परिजनों की जानकारी देने की अपील की है.
ईरान अमेरिका के युद्ध के बीच अब मध्य पूर्व के कई देशों में तनावपूर्ण हालत हो गए हैं. वहीं, इसको देखते हुए गौतम बुद्ध नगर प्रशासन ने एतिहातन कदम उठाया है. खाड़ी देशों में रह रहे, पढ़ाई कर रहे, काम कर रहे या यात्रा पर गए लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए है. साथ ही नागरिकों से विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है.
प्रशासन का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए यह आवश्यक है कि जनपद से जुड़े ऐसे सभी लोगों का डाटा एकत्रित किया जाए, जो खाड़ी देशों में किसी भी कारण से मौजूद है. इससे जरूरत पड़ने पर त्वरित संपर्क स्थापित किया जा सकेगा और आवश्यक सहायता मुहैया कराई जा सके. परिवारों से विदेश गए लोगों की जानकारी देने की अपील है.
सुरक्षा और त्वरित संपर्क के लिए उठाया गया कदम
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस पहल का उद्देश्य प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा संपर्क और आपातकालीन सहायता सुनिश्चित करना है. कई परिवारों के सदस्य विदेशों में निवास, नौकरी, पढ़ाई या धार्मिक यात्रा से गए हुए हैं. ऐसे में किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के पास उनका रिकॉर्ड होना जरूरी है. यह एहतियात और जनहित में उठाया गया कदम है.
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति का परिवार रिश्तेदार या परिचित खाड़ी देशों में है जो उसका नाम पता संपर्क नंबर और वर्तमान स्थिति की जानकारी संबंधित तहसील या उप जिलाधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराए. ताकि समय रहते आपात स्थिति में उनसे संपर्क किया जा सके.
इन नंबरों पर करें संपर्क या सांझा करे जानकारी
जिलाधिकारी का यह भी कहना है कि जितनी जल्दी सही और सटीक जानकारी मिलेगी उतनी ही प्रभावी तरीके से सहायता सुनिश्चित की जा सकेगी. प्रशासन से जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर, जिसमें उप जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गौतम बुद्ध नगर 9870944876, जिला आपदा विशेषज्ञ गौतम बुद्ध नगर 8145563077 है. परिजन इसपर संपर्क कर सकते हैं.
इन नंबरों पर परिजन अपने रिश्तेदारो अपने जानकारो या घर के सदस्य की तुरंत जानकारी साझा कर सकते हैं. साथ ही प्रशासन ने नागरिकों से अभाव से बचने और केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करने की अपील की है. साथ ही आश्वासन दिया है कि किसी भी आपात स्थिति में जनपद गौतम बुद्ध नगर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार है.