आखिरकार नोएडा के बाल गृह की लापता तीन नाबालिग बच्चियां मिल गईं
नोएडा के राजकीय बाल गृह से स्कूल गई तीन नाबालिग लड़कियां रहस्यमय ढंग से लापता हो गईं, जिससे हड़कंप मच गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में उन्हें अलीगढ़ से सुरक्षित बरामद कर लिया. मामले में बाल गृह की दो सहायिकाओं पर मुकदमा भी दर्ज किया गया.
नोएडा के सेक्टर-51 स्थित एक स्कूल से लापता हुईं राजकीय बाल गृह की तीन नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने कुछ ही घंटों में अलीगढ़ से सकुशल बरामद कर लिया. बच्चियों के मिलने के बाद पुलिस और बाल गृह प्रशासन ने राहत की सांस ली. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों बच्चियां नोएडा से अलीगढ़ कैसे पहुंचीं और इसकी असली वजह क्या थी.
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-62 स्थित राजकीय बाल गृह में रहने वाली 10 से 13 साल की तीन लड़कियां मंगलवार सुबह स्कूल बस से सेक्टर-51 स्थित विद्यालय पढ़ने गई थीं. लेकिन स्कूल से लौटने के दौरान तीनों का कोई पता नहीं चला. काफी तलाश के बाद भी जब बच्चियां नहीं मिलीं तो बाल गृह की प्रभारी अनूदिता सिंह ने थाना सेक्टर-49 में शिकायत दर्ज कराई.
शाम 4 बजे अलीगढ़ से तीनों लड़कियां बरामद
शिकायत में बताया गया है कि बच्चियों की देखरेख की जिम्मेदारी बाल गृह की दो सहायिकाओं, सरिता और मनीषा, के पास थी. घटना के समय दोनों स्कूल में मौजूद थीं. लापरवाही की आशंका को देखते हुए दोनों सहायिकाओं के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया था. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और देर शाम तक बच्चियों को खोज निकाला.
पुलिस ने इस दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. स्कूल से लेकर बस रूट तक हर पहलू की जांच की. बच्चियों की तलाश के लिए पुलिस की तीन अलग-अलग टीमें बनाई गई थी, जो संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन कर शाम करीब 4 बजे अलीगढ़ जिले से तीनों लड़कियों का पता लगाया और उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया.
lतीनों बच्चियों ने बताया कि वे बस से चले गए थे
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस की कई टीमों ने सीसीटीवी और अन्य तकनीकी माध्यमों से खोजबीन कर तीनों लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया है. पुलिस पुछताछ में बच्चियों ने बताया कि वे तीनों बस से चले गए थे, लेकिन उनके इस कृत्य के पीछे का कारण नहीं बताया. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उनके जाने की असली वजह क्या थी.