18वीं मंजिल से क्यों लटकी युवती? वायरल हो रहा वीडियो, ग्रेटर नोएडा में हाई वोल्टेज ड्रामा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसायटी में 18वीं मंजिल की बालकनी से एक युवती बाहर की ओर लटक गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में युवती रोती हुई दिखाई दे रही है. जबकि फ्लैट में मौजूद युवक उसे लगातार समझाने और ऊपर आने के लिए कहता हुआ नजर आ रहा है.

नोएडा की सोसायटी का वायरल वीडियो Image Credit:

ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एम्स ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में सोमवार दोपहर एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई. यहां सोसायटी के H टावर की 18वीं मंजिल की बालकनी से एक युवती बाहर की ओर लटक गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में युवती रोती हुई दिखाई दे रही है. जबकि फ्लैट में मौजूद युवक उसे लगातार समझाने और ऊपर आने के लिए कहता हुआ नजर आ रहा है.

जानकारी के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब 3 बजे यह घटना हुई. वायरल वीडियो में काले कपड़े पहने युवती बालकनी के बाहर लटकती हुई दिखाई दे रही है. बताया जा रहा है कि फ्लैट में रहने वाले युवक और युवती के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी. बहस के दौरान युवती भावुक हो गई और बालकनी से बाहर की ओर लटक गई. इस दौरान वह लगातार रो रही थी. जबकि युवक उसे शांत करने और ऊपर आने के लिए मनाता रहा.

पड़ोसी ने बनाया वीडियो

इस पूरे घटनाक्रम को पड़ोस के फ्लैट में रहने वाली महिला ने अपने मोबाइल फोन के कमरे में कैद कर लिया. इसी महिला के शोर मचाने पर सोसायटी के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और युवती को ऊपर आने के लिए समझाया. फिर थोड़ी देर बाद युवती खुद ही बालकनी के अंदर आ गई. इससे एक बड़ा हादसा टल गया. पुलिस के मुताबिक ये युवक और युवती यहां किराए पर रहते हैं.

जांच में जुटी पुलिस

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है. थाना प्रभारी बिसरख मुनेंद्र सिंह का कहना है कि उन्हें वायरल वीडियो की जानकारी मिली है. पुलिस टीम सोसायटी में पहुंचकर पूरे मामले की जांच कर रही है. साथ ही युवक और युवती से पूछताछ कर घटना की वजह का भी पता लगाया जा रहा है. जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us