शटडाउन के बावजूद दौड़ गया करंट, खंभे पर चढ़कर फॉल्ट लाइन ठीक कर रहे लाइनमाइन ने मिनटों में तोड़ा दम

ग्रेटर नोएडा में रवि नाम का लाइनमैन खंभे पर चढ़कर फॉल्ट लाइन ठीक कर रहा था. काम लगभग पूरा होने वाला था, तभी अचानक बिजली की सप्लाई चालू हो गई. तेज करंट लगने से वह बुरी तरह से झुलसकर नीचे गिर पड़ा. मौके पर उसकी मौत हो गई.

ग्रेटर नोएडा में करंट लगने से लाइनमैन की मौत

ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आ रही है. यहां बिजली विभाग का एक लाइनमैन शटडाउन लेकर खंभे पर चढ़कर फाल्ट ठीक कर रहा था तभी अचानक बिजली की सप्लाई चालू हो गई. करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर मौत हो गई. घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने करीब 2 घंटे तक जीटी रोड जाम कर दिया. दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग की.

शटडाउन लेने के बाद कर रहा था काम

मृतक लाइनमैन रवि कुमार धूम मानिकपुर क्षेत्र का निवासी था और विद्युत विभाग में कार्यरत था. सोमवार यानी 23 फरवरी की सुबह दादरी के बालाजी विहार कॉलोनी में बिजली का फॉल्ट ठीक करने के लिए उसे भेजा गया था. परिजनो का कहना है कि रवि ने नियम अनुसार शटडाउन लिया था. उसके बाद वह खंभे पर चढ़कर मरम्मत का काम कर रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रवि खंबे पर चढ़कर लाइन ठीक कर रहा था. काम लगभग पूरा होने वाला था, तभी अचानक बिजली की सप्लाई चालू हो गई. तेज करंट लगने से वह बुरी तरह से झुलसकर नीचे गिर पड़ा. मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

विभागीय लापरवाही का आरोप

घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. परिजनों का आरोप है कि जब शटडाउन लिया गया था तो फिर सप्लाई कैसे चालू हुई. उनका कहना है कि बिना पुष्टि किए बिजली चालू कर देना गंभीर लापरवाही है. विभाग की लापरवाही के चलते उनके बेटे की जान चली गई. परिजनों ने जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

परिजनों ने जीटी रोड किया जाम

घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने जीटी रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया. करीब 2 घंटे तक यातायात पूरी तरह से प्रभावित रहा. दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कटारे लग गईं. हंगामे की सूचना मिलते ही स्थिति को संभालने के लिए स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. काफी समझाइश के बाद जाम खुलवाया गया. पुलिस का कहना है की बिजली विभाग के अधिकारियों से बातचीत की जा रही है. परिजनों की मांग को अधिकारियों के सामने रख दिया गया है. इस मामले में परिजनों के शिकायत पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.