ग्रेटर नोएडा में घर के बाहर खड़े युवक को दिनदहाड़े मार दी गोली, कुछ दिन पहले जमानत पर आया था बाहर
ग्रेटर नोएडा के लुकसर गांव में एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस हत्याकांड को अंजाम देने का आरोप उसके ही गांव के तीन युवकों पर लगा है. पुलिस के मुताबिक पुरानी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया है.
ग्रेटर नोएडा की एक इकोटेक 1 कोतवाली क्षेत्र के लुकसर गांव में घर के बाहर खड़े एक युवक को दिनदहाड़े गोली मार दी गई. युवक को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है. इस घटना को पुरानी रंजिश के चलते अंजाम देने की बात सामने आ रही है. फिलहाल, घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. इसके चलते गांव के अंदर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. फिलहाल, हमलावर फरार हैं, पुलिस उनकी तलाश करने के लिए दबिश दे रही है
मृतक की पहचान नितिन तौर पर हुई है. वह लुकसर गांव का ही रहने वाला है. परिजनों ने बताया कि नितिन अपने घर के बाहर खड़ा था. इसी दौरान गांव के ही सचिन और उसके दो साथी वहां पहुंचे. तीनों ने पुरानी रंजिश के चलते नितिन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगते ही नितिन जमीन पर गिर गया और हमलावर मौके से फरार हो गए. गोली की आवाज सुन आसपास के लोग इकट्ठा हो गए. लहूलुहान हालत में नितिन को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
जमानत पर बाहर आया था मृतक नितिन
ग्रेटर नोएडा की एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि पीड़ित और आरोपी पक्ष के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. दोनों पक्षों के बीच हुए एक आपराधिक मामले में नितिन जेल गया था. हाल ही में वह जमानत पर बाहर आया था. इसी रंजिश को लेकर दूसरे पक्ष ने बदला लेने की नीयत से उसे पर फायरिंग कर दी है. हालांकि पुलिस हर एंगल से इस मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की पूरी फुटेज खंगाली जा रही है. परिजनों की दी गई शिकायत पर पुलिस आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कर लिया गया है.
वीडियो में साफ-साफ दिख रहे गोली चलाते हुए युवक
युवक को गोली मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हमलावर आते हैं और गोली चलाकर भाग जाते हैं. अपने आप को बचाने के लिए नितिन घर की ओर भागता भी है, लेकिन उससे पहले ही हमलावर उसे गोली मारकर मौके से फरार हो जाते हैं. गांव में गोली चलने के बाद दहशत का माहौल है नितिन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है. सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है. गांव में ऐहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. आरोपियों की धड़ पकड़ के लिए पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है. परिजनों से तहरीर प्राप्त कर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर कानून के अनुसार सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.
