एडिशनल कमिश्नर की डांट से DC को हार्ट अटैक! GST विभाग की मीटिंग में मचा हड़कंप
ग्रेटर नोएडा GST विभाग की बैठक में डिप्टी कमिश्नर वेद प्रकाश सिंह को एडिशनल कमिश्नर संदीप भगिया की डांट के बाद हार्ट अटैक आ गया. वर्क रिपोर्ट में देरी पर हुई जलालत से वे बेहोश होकर गिर पड़े. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. इस घटना से विभाग में हड़कंप मच गया है और कई अधिकारी अस्पताल पहुंचे हैं.
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में GST विभाग की मीटिंग की दौरान एक डिप्टी कमिश्नर को हार्ट अटैक का मामला इस समय सुर्खियों में है. आरोप है कि मीटिंग के दौरान विभाग के एडिशनल कमिश्नर संदीप भगिया ने डिप्टी कमिश्नर वेद प्रकाश से उनकी वर्क रिपोर्ट मांगी. रिपोर्ट देने में देरी पर एडिशनल कमिश्नर मीटिंग में ही डिप्टी कमिश्नर को जलील करने लगे. यह जलालत वेद प्रकाश बर्दाश्त नहीं कर पाए और मूर्छित होकर गिर गए. आनन फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने हार्ट अटैक की पुष्टि की है. फिलहाल उनका इलाज जारी है.
जानकारी के मुताबिक ग्रेटर नोएडा स्थित GST विभाग के ऑफिस में शुक्रवार को विभागीय समीक्षा बैठक हो रही थी. एडिशनल कमिश्नर संदीप भागिया की अध्यक्षता में चल रही इस बैठक में वर्क रिपोर्ट को लेकर डिप्टी कमिश्नर वेद प्रकाश सिंह को डांट पड़ गई. इससे वह असहज महसूस करने लगे. देखते ही देखते स्थिति ऐसी बन गई कि वह नीचे गिर पड़े. साथी अधिकारियों और कर्मचारियों ने आनन फानन में उन्हें ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.
AC ने दी जानकारी
घटना के बाद एडिशनल कमिश्नर संदीप भागिया ने बताया कि शुक्रवार को प्रशासनिक समीक्षा बैठक हो रही थी. डिप्टी कमिश्नर वेद प्रकाश सिंह पहले से ही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे. बैठक के दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई. इसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं विभागीय अधिकारियों के मुताबिक बैठक के दौरान वेद प्रकाश सिंह को हार्ट अटैक आया था, जिसके चलते उनकी स्थिति गंभीर हो गई. विभागीय सूत्रों के अनुसार, यह स्थिति सरेआम डांट पड़ने की वजह से बनी. इस घटना के बाद बैठक को बीच में ही खत्म करना पड़ा.
अस्पताल पहुंचे अधिकारी
घटना के बाद GST विभाग में चिंता का माहौल है. कई अधिकारी खुद अस्पताल पहुंचकर उनका हाल जाने. इस घटना को लेकर विभाग में असहज स्थिति बन गई है. तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं. हालांकि पूरे मामले की वास्तविक स्थिति जांच और आधिकारिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.