जेवर एयरपोर्ट के पास घर का सपना होगा पूरा, YEIDA लाएगा 2000 छोटे और सस्ते प्लॉट
यमुना अथॉरिटी जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास EWS/LIG वर्ग के लिए किफायती प्लॉट योजना ला रही है. इसमें 40 वर्ग मीटर के छोटे भूखंड उपलब्ध होंगे, जिससे कम आय वर्ग के लोगों का जेवर एयरपोर्ट और फिल्म सिटी के करीब घर का सपना साकार होगा.
नोएडा एयरपोर्ट और प्रस्तावित फिल्म सिटी के आसपास घर बनाने की चाहत रखने वाले कम आय वर्ग के लोगों के लिए अच्छी खबर है. यमुना अथॉरिटी (YEIDA) जल्द ही एक नई किफायती आवासीय प्लॉट योजना लाने की तैयारी कर रहा है. इस योजना का उद्देश्य ऐसे लोगों को कम कीमत पर आवासीय भूखंड उपलब्ध कराना है, जो महंगे प्लॉट खरीदने में सक्षम नहीं हैं.
प्राधिकरण की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत मुख्य रूप से 40 वर्गमीटर आकार के प्लॉट आवंटित किए जाएंगे, ताकि इनकी कुल कीमत आम आदमी और श्रमिकों के बजट के दायरे में रहे. इन प्लॉटों की कीमत आम लोगों की पहुंच के भीतर रखने की कोशिश की जाएगी, ताकि EWS और निम्न आय वर्ग (LIG) के परिवार भी दिल्ली-एनसीआर में अपना घर बना सकें.
40 वर्ग मीटर के दो हजार प्लॉट लाने की तैयारी
जानकारी के अनुसार, इस योजना में करीब 2,000 आवासीय प्लॉट शामिल किए जाने की तैयारी है. इन भूखंडों का आवंटन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लकी ड्रॉ के माध्यम से किया जाएगा. खास बात है कि इस योजना का लाभ उन्हीं पात्र आवेदकों को मिलेगा, जिन्होंने पहले यमुना प्राधिकरण की किसी अन्य आवासीय योजना में भूखंड प्राप्त नहीं किया है.
यमुना प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र कुमार भाटिया ने बताया कि जेवर एयरपोर्ट के पास 40 वर्ग मीटर के दो हजार प्लॉट लाने की तैयारियां की जा रही हैं. गरीब, श्रमिक और कमजोर वर्ग के लोगों को ध्यान में रखते हुए इस योजना को तैयार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जल्द ही इस योजना को अंतिम रूप देकर लॉन्च किया जाएगा.
लगातार बढ़ रहा है इस क्षेत्र का महत्व
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, फिल्म सिटी और अन्य औद्योगिक परियोजनाओं के विकास के साथ इस क्षेत्र का महत्व लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में यह योजना हजारों परिवारों के लिए अपने घर का सपना पूरा करने का एक बड़ा अवसर साबित हो सकती है. आने वाले समय में जल्दी ही कमजोर वर्ग के लोग लोगों को अपने सपनों का घर एयरपोर्ट के पास मिल सकेगा.
