एयरपोर्ट में पानी और हाईवे पर गड्ढे… अखिलेश ने सरकार को घेरा, BJP विधायक ने किया पलटवार
जेवर एयरपोर्ट पर जलभराव और हाईवे पर गड्ढों को लेकर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने प्रदेश में विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए. जवाब में, जेवर से बीजेपी विधायक धीरेंद्र सिंह ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि विपक्ष विकास से ध्यान भटकाने की राजनीति कर रहा है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हो रहे बड़े विकास के काम उन्हें नजर नहीं आ रहे.
सोशल मीडिया में वायरल हो रहे जेवर एयरपोर्ट पर जलभराव के वीडियो को लेकर सपा सुप्रीमो ने प्रदेश और केंद्र की बीजेपी सरकार पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने सोशल मीडिया में बीजेपी लीडरशिप को निशाना बनाते हुए लिखा है कि ये एयरपोर्ट बना रहे है तो पानी भर जा रहा है. हाईवे बना रहे हैं तो गड्ढे हो जा रहे हैं. अब तो प्रदेश चलाने वाले और प्लेन चलाने वाले में हमें समानता दिख रही है.
अखिलेश यादव यहीं नहीं रूके, उन्होंने fcra बिल को लेकर भी सरकार पर हमला बोला. कहा कि यह बिल केवल अल्पसंख्यकों को दबाने के लिए लाया जा रहा है. अखिलेश यादव की यह पोस्ट सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रही है. इस पोस्ट के वायरल होने के बाद नोएडा के जेवर से बीजेपी विधायक धीरेंद्र सिंह ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के जलभराव वाले स्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को इस समस्या के स्थायी समाधान के निर्देश भी दिए.
विधायक ने ऐसे किया पलटवार
निरीक्षण के बाद विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि जिन्हें जेवर का अभूतपूर्व विकास नहीं दिख रहा. उन्हें केवल गड्ढे और जलभराव नजर आ रहे हैं. कहा कि अब वह प्रदेश में हो रहे विकास से जनता का ध्यान भटकाने की राजनीति कर रहे हैं. धीरेंद्र सिंह के मुताबिक विपक्ष को यहां गड्ढे और जलभराव तो दिखाई दे रहे हैं, लेकिन इसी धरती पर खड़ा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, विश्वस्तरीय सड़कें, औद्योगिक निवेश और हजारों युवाओं के लिए पैदा हो रहे रोजगार के अवसर नजर नहीं आ रहे.
फिर विधायक ने भी उठाए सवाल
विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि जिनके शासनकाल में एयरपोर्ट वर्षों तक चर्चा और कागजों तक सिमटा रहा, आज वो यहां बारिश के पानी पर राजनीति कर रहे हैं. उन्हें जेवर और उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर स्वीकार नहीं हो रही. एक समय था जब जेवर क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से दूर था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आज यह उत्तर प्रदेश के बदलते औद्योगिक और आर्थिक स्वरूप का प्रमुख केंद्र बन चुका है. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने जेवर को देश-दुनिया के मानचित्र पर नई पहचान दी है.
वो गड्ढे खोजें, हम नई इबारत लिखेंगे
विधायक धीरेन्द्र सिंह ने इस समस्या को तो स्वीकार किया, लेकिन स्पष्ट किया कि जलभराव या किसी तकनीकी कमी को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा. संबंधित अधिकारियों से जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सुधार करने को कहा गया है. इसी के साथ उन्होंने दोहराया कि विपक्ष तस्वीरों में गड्ढे खोजे, हम यहां विकास की नई इबारत लिखते रहेंगे. यदि कहीं कोई कमी होगी तो उसे ठीक भी कराया जाएगा.